Breaking News

शाहजहांपुर: परिवहन मेले में वन टाइम टैक्स की नई दरों की दी गई जानकारी।

शाहजहांपुर: परिवहन मेले में वन टाइम टैक्स की नई दरों की दी गई जानकारी।

संवाददाता: मुबारक अली

शाहजहांपुर (यूपी)। नियामतपुर स्थित परिवहन कार्यालय में आयोजित परिवहन मेले के दौरान वाहन स्वामियों को प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजना ‘वन टाइम टैक्स’ के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एआरटीओ प्रशासन सर्वेश कुमार सिंह ने नई दरों और प्रावधानों को विस्तार से समझाया।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वाहनों पर एकमुश्त कर (वन टाइम टैक्स) की नई दरों की घोषणा की गई है, जो 30 जनवरी 2026 से लागू होंगी। इस योजना का उद्देश्य कर प्रणाली को सरल बनाना और वाहन स्वामियों को स्पष्ट एवं पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

नई दरों के अनुसार दोपहिया वाहनों पर वाहन मूल्य का 12.5 प्रतिशत, तीनपहिया वाहनों पर 7 प्रतिशत, दस लाख रुपये तक की कारों पर 10.5 प्रतिशत तथा दस लाख रुपये से अधिक मूल्य की कारों पर 12.5 प्रतिशत कर निर्धारित किया गया है। निर्माण उपकरण वाहनों पर 6 प्रतिशत, 3000 किलोग्राम तक के माल वाहनों पर 3 प्रतिशत तथा 3000 से 7500 किलोग्राम तक के माल वाहनों पर 6 प्रतिशत कर देय होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि पहले से पंजीकृत वाहनों पर 8 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। यदि कोई वाहन स्वामी पहले से एक बार टैक्स जमा कर चुका है और वाहन को व्यावसायिक उपयोग में परिवर्तित करना चाहता है, तो उसे अतिरिक्त 2.5 प्रतिशत कर देना होगा।

परिवहन मेले में जनपद की विभिन्न डीलरशिप के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और अधिसूचना के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को योजना की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया गया।

इस अवसर पर एआरटीओ प्रशासन सर्वेश कुमार सिंह, विभिन्न डीलरशिप के प्रतिनिधि, कार्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में वाहन स्वामी उपस्थित रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!