Breaking News

डीडीयू जंक्शन पर दर्दनाक हादसा: मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ते ही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया व्यक्ति, मौके पर ही मौत।

डीडीयू जंक्शन पर दर्दनाक हादसा: मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ते ही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया व्यक्ति, मौके पर ही मौत।

राजन सिंह संवाददाता

चंदौली। एशिया के सबसे व्यस्त रेलवे जंक्शनों में शुमार डीडीयू जंक्शन के आरआरआई (RRI) के पास बुधवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। यहां एक अज्ञात व्यक्ति की मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ने के दौरान हाईटेंशन ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। करंट इतना तेज था कि व्यक्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर की है। एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया। जैसे ही उसका शरीर ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया, जोरदार धमाके के साथ नीली चिंगारियां निकलीं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते पूरा शरीर आग की चपेट में आ गया और कुछ ही पलों में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद जंक्शन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई और काफी मशक्कत के बाद शव को मालगाड़ी के इंजन से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में लिया।

जीआरपी के अनुसार, मृतक की उम्र और पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई भी पहचान पत्र, आधार कार्ड या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सभी थानों में सूचना प्रसारित कर दी गई है, ताकि मृतक के परिजनों का पता लगाया जा सके।

रेलवे प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक, मालगाड़ी या किसी भी रेल इंजन के आसपास न जाएं, क्योंकि ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन हमेशा चालू रहती है और थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!