Breaking News

सर्किट हाउस में बैठक के दौरान फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन।

सर्किट हाउस में बैठक के दौरान फरीदपुर विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन।

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार दोपहर अचानक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। वह बरेली स्थित सर्किट हाउस में पशुधन विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में शामिल थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब सवा दो बजे बैठक के दौरान विधायक को सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। सहयोगियों द्वारा तत्काल उन्हें मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा।

मेडिसिटी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विमल भारद्वाज ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्हें गंभीर हार्ट अटैक आ चुका था। बीपी और पल्स नहीं चल रही थी। डॉक्टरों की टीम ने लगभग एक घंटे तक सीपीआर सहित जीवन रक्षक प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। अपराह्न लगभग तीन बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल ने एक दिन पूर्व ही अपना 60वां जन्मदिन मनाया था। वह फरीदपुर विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे और क्षेत्र में एक सक्रिय तथा जनसुलभ जनप्रतिनिधि के रूप में पहचाने जाते थे।

निधन की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर और उनके आवास पर प्रशासनिक एवं राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

भाजपा सांसद छत्रपाल गंगवार, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

डॉ. श्याम बिहारी लाल अपने पीछे पत्नी मंजू लता, एक पुत्र और दो पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जनपद में शोक की लहर व्याप्त है।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!