Breaking News

इटावा: शीतलहर को लेकर महिला शिक्षक संघ ने उठाई आवाज, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन।

शीतलहर को लेकर महिला शिक्षक संघ ने उठाई आवाज, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन।

आनन्द पाण्डेय, संवाददाता 

इटावा। कड़ाके की ठंड और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए महिला शिक्षक संघ इटावा ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। इसी क्रम में महिला शिक्षक संघ की अध्यक्ष कामना सिंह के नेतृत्व में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किए जाने की मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट इटावा को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि जिले में लगातार शीतलहर, घना कोहरा और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे छोटे बच्चों का विद्यालय आना-जाना उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को सुबह के समय अत्यधिक ठंड का सामना करना पड़ता है, जिसके चलते सर्दी, खांसी, बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

महिला शिक्षक संघ की अध्यक्ष कामना सिंह ने कहा कि कक्षा एक से आठ तक के बच्चे अत्यंत संवेदनशील होते हैं और ऐसे मौसम में उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है। यदि समय रहते अवकाश घोषित किया जाता है तो बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि कई विद्यालयों में ठंड से बचाव के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं, जिससे बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

संघ ने प्रशासन से मौसम की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। इस दौरान महिला शिक्षक संघ की जिला इकाई की पदाधिकारी एवं सदस्याएं श्वेता तोमर (मीडिया प्रभारी), निशा मिश्रा (उपाध्यक्ष), शिखा पाल (नगर ब्लॉक अध्यक्ष), कुसुम यादव (सैफई ब्लॉक अध्यक्ष), मीना कुशवाहा सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!