Breaking News

डिलीवरी के बाद महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति।

डिलीवरी के बाद महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति।

जुम्मन कुरैशी, संवाददाता 

कासगंज। गंजडुंडवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को डिलीवरी ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों ने बुधवार को कार्रवाई की मांग को लेकर शव के साथ राम छितौनी पुलिया के पास जाम लगाने का प्रयास किया।

सूचना मिलते ही सीओ पटियाली संदीप वर्मा और कोतवाली प्रभारी भोजराज अवस्थी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव बरौना निवासी सीमा (पत्नी आमोद) को मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने गंजडुंडवारा सीएचसी में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया, जिसके बाद उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद सीमा को अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और देर शाम उसकी मौत हो गई। आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने बिना जानकारी दिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया था। बुधवार को परिजन शव लेकर सीएचसी पहुंचे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।

सीओ संदीप वर्मा ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!