Breaking News

अयोध्या से लौटते समय सड़क हादसे में नवविवाहित महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल।

अयोध्या से लौटते समय सड़क हादसे में नवविवाहित महिला की मौत, पति गंभीर रूप से घायल।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। अयोध्या की 14 कोसी परिक्रमा कर लौट रहे नवविवाहित दंपती शुक्रवार की भोर सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह दर्दनाक दुर्घटना जनपद गोंडा के कटरा थाना क्षेत्र में हुई, जिसमें पत्नी नीलम मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति महेश मौर्या गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए गोंडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

जानकारी के मुताबिक, जनपद बलरामपुर के थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र के ग्राम गौर खास निवासी महेश मौर्या पुत्र रामपाल मौर्या अपनी पत्नी नीलम के साथ मंगलवार को अयोध्या की परिक्रमा के लिए निकले थे। मंगलवार को परिक्रमा स्थगित होने की जानकारी पर दोनों वापस लौट आए थे, लेकिन बुधवार को पुनः अयोध्या पहुंचे और परिक्रमा पूर्ण करने के बाद शुक्रवार तड़के लगभग चार बजे बाइक से घर लौट रहे थे। तभी कटरा क्षेत्र के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े, जिससे नीलम की मौके पर ही मौत हो गई और महेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया।

परिजनों ने बताया कि नीलम का स्वभाव बहुत ही सरल और धार्मिक था। मई 2025 में दोनों की शादी हुई थी और यह उनकी पहली धार्मिक यात्रा थी। परिक्रमा से लौटते समय हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

शनिवार की सुबह नीलम का अंतिम संस्कार उनके गांव गौर खास में किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल अत्यंत गमगीन रहा।

अंतिम संस्कार में ब्लॉक प्रमुख श्रीदत्तगंज हेमंत जायसवाल, मंडल अध्यक्ष राम निवास वर्मा, इमरान खान नियाजी, टिंकू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

फाइल फोटो 

Spread the love

Check Also

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया संकल्प।

शाहजहाँपुर: समाजसेवी डॉ. केपी गुप्ता चार्मिंग फिएस्टा ग्रुप द्वारा सम्मानित, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जताया …

error: Content is protected !!