Breaking News

सैयदराजा में डाला छठ का समापन, ब्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य।

सैयदराजा में डाला छठ का समापन, ब्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य।

संवाददाता – घूरेलाल कन्नौजिया 

चंदौली। आस्था के महापर्व डाला छठ का समापन मंगलवार भोर में श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच हुआ। सैयदराजा नगर पंचायत सहित क्षेत्र के विभिन्न घाटों, सरोवरों और तालाबों पर हजारों की संख्या में ब्रती महिलाएं और श्रद्धालु एकत्र हुए। भोर में उगते भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर चार दिवसीय छठ पर्व संपन्न हुआ।

छठ पूजा के दौरान क्षेत्र के घाटों पर छठ गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाएं “केलवा जे फरेला घवद से…”, “ओह पर सुगा मेड़राय…”, “कांच ही बांस के बहंगिया…” जैसे पारंपरिक गीत गाती हुई घाटों पर पहुंचीं। कई श्रद्धालु गाजे-बाजे और डीजे के साथ शोभायात्रा की तरह घाटों तक पहुंचे, जबकि कुछ महिलाओं ने दंडवत चलकर पूजा स्थल तक का मार्ग तय किया।

नगर पंचायत सैयदराजा की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, लाइट, पेयजल, खोया-पाया केंद्र और मेडिकल सहायता की व्यवस्था की गई थी। स्वास्थ्य विभाग, स्काउट गाइड छात्र, और स्थानीय संगठन ओम साई धर्मार्थ समिति तथा संस्कार भारती ने श्रद्धालुओं को प्रसाद और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई।

सुरक्षा के मद्देनज़र एनडीआरएफ की टीम व गोताखोर पूरे समय पोखरे में गश्त करते रहे। उप जिलाधिकारी दिव्या ओझा, सीओ सदर देवेन्द्र कुमार, और सैयदराजा थाना प्रभारी बिंदेश्वरी पांडे भारी पुलिस बल के साथ घाटों पर मौजूद रहे।

नगर पंचायत अध्यक्षा आभा जायसवाल स्वयं ब्रत रहीं और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा संपन्न की। उन्होंने नगर पंचायत परिसर में स्थापित प्रतिमा का पूजन-अर्चन भी किया। चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश कुमार जायसवाल “बाढू”, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार, विधायक सुशील सिंह, पूर्व चेयरमैन बिरेन्द्र जायसवाल सहित नगर पंचायत के सभासद, सामाजिक कार्यकर्ता और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

क्षेत्र के धरौली, भतीजा, सोगाई भुजना, सुंडेहरा, जेवरिबाद, रेवंसा, छतेम, दुधारी, नौबतपुर आदि गांवों में भी छठ पर्व पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। छठ महापर्व के इस भव्य आयोजन ने सैयदराजा क्षेत्र को एक बार फिर आस्था और एकता के रंग में रंग दिया।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!