Breaking News

शाहजहांपुर: चाइनीज़ मांझे ने ली युवक की जान — भैया दूज पर उजड़ गया सुहाग, प्रशासन की लापरवाही फिर आई सामने।

शाहजहांपुर: चाइनीज़ मांझे ने ली युवक की जान — भैया दूज पर उजड़ गया सुहाग, प्रशासन की लापरवाही फिर आई सामने।

संवाददाता – मुबारक अली 

शाहजहांपुर। शाहजहांपुर जिले में भैया दूज के शुभ दिन पर एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। रोजा थाना क्षेत्र के रहने वाले 25 वर्षीय रवि शर्मा की चाइनीज़ मांझे से गर्दन कटने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय वह अपनी पत्नी मोनी शर्मा के साथ ससुराल जा रहे थे। रास्ते में चलते हुए अचानक चाइनीज़ मांझे ने उनकी गर्दन को लपेट लिया। कुछ ही क्षणों में खून बहने लगा और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पत्नी मोनी ने तुरंत मदद के लिए लोगों को पुकारा। राहगीरों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक रवि की हालत गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद पत्नी मोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मचा हुआ है।

लोगों में आक्रोश, प्रशासन पर उठे सवाल।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि हर साल ऐसे हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन सिर्फ कुछ दिनों के लिए सक्रिय होता है। चाइनीज़ मांझा बेचने पर प्रतिबंध के बावजूद यह धड़ल्ले से शहर की गलियों और बाजारों में बेचा जा रहा है।

नागरिकों ने कहा कि “हर बार किसी की जान जाने के बाद थोड़ी कार्रवाई होती है, फिर सब शांत हो जाता है।” लोगों ने मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और ऐसे घातक मांझे की बिक्री पर स्थायी रूप से रोक लगाई जाए।

शहर में खुलेआम बिक रहा खतरनाक मांझा

जानकारी के अनुसार, प्रशासन और पुलिस द्वारा समय-समय पर चेतावनी देने के बावजूद, चाइनीज़ मांझा बेचने वाले दुकानदार खुलेआम अपने कारोबार को जारी रखे हुए हैं। इस मांझे में मौजूद धातु की परत बिजली के तारों को भी नुकसान पहुंचाती है और सड़क से गुजरने वाले लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।

एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रवि शर्मा के परिवार पर इस हादसे के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भैया दूज के अवसर पर वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल जा रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। पत्नी मोनी के सामने ही उसका सुहाग उजड़ गया। घर में मातम का माहौल है और इलाके में गहरा शोक व्याप्त है।

Spread the love

Check Also

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम में डालकर बचाई जिंदगी।

बलरामपुर: 20 फुट गहरी सुरंग में फंसे युवक के लिए देवदूत बनी पुलिस, जान जोखिम …

error: Content is protected !!