Breaking News

आयरन की गोली अभियान में चयनित 20 प्रतिभागियों को 30 सितम्बर को मिलेंगे पुरस्कार।

आयरन की गोली अभियान में चयनित 20 प्रतिभागियों को 30 सितम्बर को मिलेंगे पुरस्कार।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। महिलाओं और बच्चियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिले में 24 सितम्बर को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत जनपद की लगभग पांच लाख महिलाओं और बच्चियों ने एक साथ नींबू पानी के साथ आयरन की गोली का सेवन किया। प्रशासन ने इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देते हुए न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया, बल्कि इसमें भाग लेने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार की घोषणा भी की थी।

इस अभियान में महिलाओं और बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लगभग तीन लाख छप्पन हजार चार सौ बासठ प्रतिभागियों ने ऑनलाइन वेबसाइट से प्रमाणपत्र भी डाउनलोड किया। इससे यह स्पष्ट हो गया कि जिलेभर में लोगों ने इस पहल को गंभीरता से लिया और इसे सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई।

सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिलाधिकारी ने अपने आधिकारिक फेसबुक और यूट्यूब अकाउंट के माध्यम से लाइव आकर पुरस्कार हेतु प्रतिभागियों के नामों का चयन किया। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखने के लिए लॉटरी प्रणाली अपनाई गई, जिसके जरिए बीस प्रतिभागियों के नाम रैंडम तरीके से चुने गए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह है कि हर प्रतिभागी को समान अवसर मिले और चयन में किसी प्रकार की पक्षपात की संभावना न रहे।

जिन प्रतिभागियों का नाम चयनित हुआ है उन्हें आकर्षक उपहार प्रदान किए जाएंगे। इनमें फ्रिज, वाशिंग मशीन, टीवी, रूम हीटर, मिक्सर, सिलाई मशीन, इंडक्शन चूल्हा, सीलिंग फैन, ब्लूटूथ स्पीकर, इलेक्ट्रिक केतली जैसे सामान शामिल हैं। इसके साथ ही दस प्रतिभागियों को स्त्री (प्रेस) भी इनाम स्वरूप दी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी चयनित प्रतिभागियों को 30 सितम्बर को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है, जहाँ उन्हें सम्मानित कर उनके घोषित पुरस्कार भेंट किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान न केवल महिलाओं और बच्चियों को स्वास्थ्य लाभ पहुँचाने में सहायक होते हैं, बल्कि उनके मनोबल को भी बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि एनीमिया जैसी गंभीर समस्या से निपटने के लिए आयरन की गोली का सेवन बेहद जरूरी है और जब बड़ी संख्या में महिलाएँ और बच्चियाँ इसमें शामिल होती हैं तो इसका संदेश पूरे समाज तक पहुँचता है। जिलाधिकारी ने आगे कहा कि यदि महिलाएँ और बच्चियाँ स्वस्थ होंगी तो परिवार मजबूत होगा और समाज भी आगे बढ़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह भी मौजूद रहीं। उन्होंने अभियान को जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि ऐसी गतिविधियाँ समाज को सकारात्मक दिशा देने में मदद करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी इसी प्रकार के अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुँचाया जाएगा।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!