Breaking News

बिजली संकट पर आंदोलन की चेतावनी: गंजडुंडवारा में सुजावलपुर पावर हाउस पर सौंपा ज्ञापन, आज से चालू होगा नया ट्रांसफार्मर।

बिजली संकट पर आंदोलन की चेतावनी: गंजडुंडवारा में सुजावलपुर पावर हाउस पर सौंपा ज्ञापन, आज से चालू होगा नया ट्रांसफार्मर।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा (कासगंज)। क्षेत्र में लगातार पैर पसार रही भीषण गर्मी और उमस के बीच चरमराई विद्युत आपूर्ति को लेकर जनआक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी सिलसिले में समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल हफीज गांधी के नेतृत्व में चार दिन पूर्व सुजावलपुर बिजली घर पर ऊर्जा मंत्री को संबोधित एक मांग पत्र स्थानीय उपखंड अधिकारी (एसडीओ) को सौंपा गया।

ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा गया कि उपभोक्ता लगातार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और घंटों की अघोषित कटौती से त्रस्त हैं। रात भर बिजली न मिलने से जहां आम जनता की नींद हराम हो चुकी है, वहीं किसानों की फसलें भी पानी के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। सिंचाई प्रभावित होने से अन्नदाताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई थी कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला जाएगा और बिजली घर पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।

​जनता के आक्रोश और आंदोलन की चेतावनी को देखते हुए विद्युत विभाग ने त्वरित कदम उठाए हैं। विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के अनुसार, इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए बिजली घर पर एक अतिरिक्त 5 एमवीए (5 MVA) का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से इस नए ट्रांसफार्मर की तकनीकी टेस्टिंग की जा रही थी, जिसे आज यानी 24 मई 2026 से पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा।

विद्युत विभाग का दावा है कि इस नए भारी क्षमता वाले ट्रांसफार्मर के सुचारू रूप से कार्य शुरू करते ही गंजडुंडवारा, मोहनपुर रोड और सुजावलपुर सहित आसपास के बड़े ग्रामीण व शहरी इलाकों में लो वोल्टेज और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या से उपभोक्ताओं को काफी हद तक राहत मिल जाएगी।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!