Breaking News

UPTET-2026: परीक्षा केंद्रों के गेट 45 मिनट पहले होंगे बंद, डीएम ने दिए कड़े निर्देश।

UPTET-2026: परीक्षा केंद्रों के गेट 45 मिनट पहले होंगे बंद, डीएम ने दिए कड़े निर्देश।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की कि वे तय समय से काफी पहले ही अपने निर्धारित केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी के अनुसार, यह परीक्षा जनपद के 9 परीक्षा केंद्रों पर 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रथम पाली के लिए सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। डीएम ने सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे 1 जुलाई को ही सभी केंद्रों पर पहुंचकर बिजली, पानी, बैठने की व्यवस्था और पंखों की कार्यक्षमता की बारीकी से जांच कर लें। ड्यूटी पर तैनात समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अपना परिचय पत्र साथ रखना अनिवार्य किया गया है।

मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी ने बारिश की स्थिति में वैकल्पिक इंतजाम करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

परीक्षा के लिए चयनित केंद्रों में जीएफ कॉलेज, जनता इंटर कॉलेज, आर्य महिला पीजी कॉलेज, आर्य महिला इंटर कॉलेज, एबी रिच इंटर कॉलेज, देवी प्रसाद इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज और श्री हर कुमार पाठक कन्या इंटर कॉलेज शामिल हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत और जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!