Breaking News

उन्नाव में सर्वधर्म महोत्सव का भव्य शुभारंभ, ‘रंग दे बसंती’ के संदेश के साथ गूंजी राष्ट्रीय एकता।

उन्नाव में सर्वधर्म महोत्सव का भव्य शुभारंभ, ‘रंग दे बसंती’ के संदेश के साथ गूंजी राष्ट्रीय एकता।

सनोज कुमार, संवाददाता 

उन्नाव। सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उन्नाव में देश को समर्पित सर्वधर्म महोत्सव का भव्य आगाज़ किया गया। कार्यक्रम के पहले दिन गुरुवार को बदरका क्षेत्र में सर्वधर्म संसद से जुड़े विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं का आगमन हुआ। इस अवसर पर ‘रंग दे बसंती’ विशेष कार्यक्रम के माध्यम से सभी धर्मों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में प्रेम, सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

आयोजकों के अनुसार यह आयोजन उन्नाव में अपनी तरह का पहला कार्यक्रम है, जिसमें सभी प्रमुख धर्मों के धर्मगुरु एक साथ मंच साझा कर रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द, समरसता और एकजुटता को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान सभी धर्मगुरुओं ने बदरका स्थित अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक स्थल पर पहुंचकर माल्यार्पण किया और देश की आज़ादी के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।

सर्वधर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोस्वामी सुशील महाराज ने कहा कि उन्नाव के इतिहास में यह पहली बार है जब सभी धर्मों के प्रमुख एक साथ मंच साझा कर समाज को एकता और भाईचारे का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का किसी भी प्रकार की राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, यह पूरी तरह सामाजिक और राष्ट्रीय एकता को समर्पित कार्यक्रम है।

कार्यक्रम के प्रमुख आयोजक सुरेंद्र वर्मा ‘बाबा जी’ ने जानकारी दी कि 23 जनवरी को रामलीला मैदान में सभी धर्मगुरुओं का मुख्य आगमन होगा, जहां ‘रंग दे बसंती’ सम्मेलन के अंतर्गत एक भव्य आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में भारत सहित देश-विदेश से भी विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु शामिल होकर संबोधित करेंगे। यह आयोजन उन्नाव के इतिहास में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगा।

आयोजकों ने दोहराया कि सर्वधर्म महोत्सव का मूल उद्देश्य समाज में प्रेम, सौहार्द, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है, ताकि सभी धर्मों के लोग मिलकर एक मजबूत, सशक्त और एकजुट भारत का निर्माण कर सकें।

कार्यक्रम में आचार्य लंकेश जी महाराज, सदर विधायक प्रतिनिधि प्रखर गुप्ता, सौरभ वर्मा, सनी सरदार, सभासद मुन्ना सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!