Breaking News

कछला गंगा घाट पर डूबी किशोरी का दूसरे दिन मिला शव, परिजनों में कोहराम, बिना पोस्टमार्टम के ले गए घर।

कछला गंगा घाट पर डूबी किशोरी का दूसरे दिन मिला शव, परिजनों में कोहराम, बिना पोस्टमार्टम के ले गए घर।

उझानी/कछला (बदायूं)। कछला गंगा घाट पर गंगा दशहरा के पावन पर्व पर स्नान के दौरान डूबी दस वर्षीय मासूम बच्ची का शव आखिरकार घटना के दूसरे दिन मंगलवार सुबह बरामद कर लिया गया। इस दुखद हादसे के बाद से ही पीड़ित परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। दरअसल, जनपद हाथरस के थाना हसायन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कानहू निवासी सर्वेश पुत्र ओमवीर, ओमवीर पुत्र अंतराम, वर्षा पत्नी श्यामवीर, 17 वर्षीय नीलेश पुत्र ओमवीर और 10 वर्षीय शिखा पुत्री नेत्रपाल सहित कुल सात लोग गंगा दशहरा पर स्नान करने के लिए कछला घाट आए थे। स्नान करते समय अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण ये सातों लोग डूबने लगे। घाट पर चीख-पुकार मचते ही स्थानीय गोताखोरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पांच लोगों को तो सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन नीलेश और शिखा तेज बहाव में लापता हो गए।

प्रशासनिक टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद जब तक 17 वर्षीय किशोर नीलेश को पानी से बाहर निकाला, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। वहीं, नन्हीं शिखा का कोई सुराग नहीं लग सका था, जिसके बाद से ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार नदी में उसकी खोजबीन कर रही थी। मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे के आसपास कछला चौकी पुलिस और गोताखोरों के सघन सर्च अभियान के दौरान किशोरी शिखा का शव भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर पानी में तैरता हुआ मिल गया।

जैसे ही पुलिस ने शिखा के शव को नदी से बाहर निकाला, घाट पर मौजूद उसके माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे माहौल में मातमी सन्नाटा पसर गया। दो बच्चों की मौत से टूट चुके परिजनों ने मृतका शिखा के शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद कानूनी औपचारिकताओं के बीच परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही मासूम के शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने गृह जनपद हाथरस स्थित पैतृक गांव ले गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से कछला घाट पर स्नान करने आए अन्य श्रद्धालु भी स्तब्ध रह गए।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!