Breaking News

नीट पेपर लीक पर सपा का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर परीक्षा निरस्त करने की उठाई मांग।

नीट पेपर लीक पर सपा का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर परीक्षा निरस्त करने की उठाई मांग।

संवाददाता, मोहम्मद कमर 

लखीमपुर खीरी। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशव्यापी आक्रोश के बीच समाजवादी पार्टी ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को जिला समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामपाल यादव के नेतृत्व में सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।

युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर तीखा आक्रोश जताते हुए सपाइयों ने कलेक्ट्रेट में जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन अतिरिक्त उप जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान पार्टी नेताओं ने पूरी परीक्षा को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने और इस महाघोटाले के पीछे छिपे असली चेहरों को बेनकाब करने की पुरजोर मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष रामपाल यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान शासनकाल में लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं ने देश के लाखों होनहार और मेहनती छात्र-छात्राओं के भविष्य को गहरे अंधकार में धकेल दिया है। चिकित्सा क्षेत्र की सबसे प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण ‘नीट’ जैसी परीक्षा में इस स्तर की धांधली और अनियमितता सामने आने से देश के युवाओं का पूरी परीक्षा प्रणाली से विश्वास उठता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मध्यवर्गीय और गरीब परिवारों के बच्चे दिन-रात एक करके, भूखे-प्यासे रहकर देश की सबसे बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा माफिया और भ्रष्ट तंत्र मिलकर चंद घंटों में उनकी सालों की कड़ी मेहनत और माता-पिता के सपनों पर पानी फेर देते हैं।

सपा नेताओं ने सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि वर्तमान नीट परीक्षा को अविलंब रद्द घोषित किया जाए और भविष्य में पूरी शुचिता, पारदर्शिता व कड़े सुरक्षा इंतजामों के साथ इस परीक्षा को दोबारा आयोजित कराया जाए। इसके साथ ही इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराकर पेपर लीक माफियाओं और उन्हें राजनीतिक व प्रशासनिक संरक्षण देने वाले बड़े मगरमच्छों के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि पीड़ित छात्र-छात्राओं के हित में सरकार ने जल्द ही कोई न्यायसंगत और बड़ा निर्णय नहीं लिया, तो समाजवादी पार्टी इस छात्र विरोधी नीति के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक एक व्यापक और उग्र आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगी।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!