Breaking News

बलरामपुर में डीजे पर रोक को लेकर सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने डीएम-एसपी को सौंपा पत्र, गाइडलाइन जारी करने की मांग।

बलरामपुर में डीजे पर रोक को लेकर सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने डीएम-एसपी को सौंपा पत्र, गाइडलाइन जारी करने की मांग।

बलरामपुर (रिपोर्ट: गुलाम नबी कुरैशी): नगर क्षेत्र में शोभायात्राओं एवं जुलूसों के सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन को लेकर आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ के नेतृत्व में आयोजित सर्वसमाज की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन हेतु विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन प्रेषित किया है।

पत्र में कहा गया है कि नगर के विभिन्न धार्मिक अनुयायियों एवं संगठनों से प्राप्त शिकायतों, जनहित और नगर की शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हिंदू, मुस्लिम, सिख सहित विभिन्न धर्मों के प्रमुखों एवं प्रतिष्ठित नागरिकों की बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। संगठनों ने इन निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन से जल्द ही विस्तृत गाइडलाइन जारी करने का अनुरोध किया है।

सर्वसमाज की बैठक में निर्णय लिया गया कि बलरामपुर नगर में किसी भी शोभायात्रा या जुलूस में डीजे का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। साथ ही नगर क्षेत्र में डीजे वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और डीजे संचालकों की बैठक बुलाकर उन्हें पूर्व में ही प्रतिबंध की जानकारी देकर अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।

पत्र में वाहन सहित मूर्ति की कुल ऊंचाई अधिकतम 12 फीट निर्धारित करने, जुलूस मार्ग पर लटक रहे बिजली के तारों को दुरुस्त कर 12 फीट से ऊपर करने तथा गोंडा रोड (फुलवरिया बाईपास), बहराइच रोड (सेखुईया चौराहा), उतरौला रोड (नहर बालागंज मोड़ व महेशभारी चौराहा) और तुलसीपुर रोड (चुंगी नाका) जैसे प्रमुख प्रवेश मार्गों पर पुलिस निगरानी बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। उल्लंघन करने पर डीजे मालिक, ऑपरेटर, आयोजक और वाहन स्वामी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई व जब्ती की मांग की गई है।

यह पत्र श्री श्री 108 सत्य प्रचारिणी रामलीला कमेटी, नगर पालिका परिषद, जय मां दुर्गा महोत्सव केंद्रीय समन्वय समिति, श्री सनातन धर्म सभा, श्री श्री 108 रामलीला संकीर्तन समिति भगवतीगंज, उद्योग व्यापार मंडल, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, जुलूसे मुहम्मदी कमेटी, सराफा व्यापार मंडल और श्री समय माता मंदिर सेवा समिति सहित कई संगठनों की ओर से प्रेषित किया गया।

इस दौरान गेल्हापुर महंत बृजानंद जी महाराज, राजकुमार लाल श्रीवास्तव, डीपी सिंह बैस, विजय अग्रवाल, हाजी नब्बन खां, मोहसिन, रमेश पहवा, राम नरेश त्रिपाठी, संजय शर्मा, कृष्ण गोपाल गुप्ता, आरिफ हुसैन, मनोज गुप्ता, अब्दुल वहाब, शुभेंद्र मिश्रा, विकास मिश्रा, अब्दुल बारी, मोहम्मद मोहसिन, विनोद गिरि सहित कई सभासद एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love

Check Also

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक और पिकअप की जोरदार भिड़ंत, पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल।

गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रक और पिकअप की जोरदार भिड़ंत, पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल। …