Breaking News

अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के भरवाए जाएं फार्म-6: डीएम।

अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के भरवाए जाएं फार्म-6: डीएम।

बदायूं। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी अवनीश राय ने शनिवार को तहसील समाधान दिवस के बाद बिसौली स्थित राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पहुंचकर मतदान बूथों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर मौजूद बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त होने की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के फार्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से शादी के बाद जनपद में आईं महिलाओं के मतदाता पहचान पत्र प्राथमिकता के आधार पर बनवाने के निर्देश दिए। इसके लिए कोटेदारों से संपर्क कर सहयोग लेने तथा आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और एएनएम के माध्यम से पात्र महिलाओं को चिह्नित कर उनके फार्म-6 भरवाने को कहा, ताकि कोई भी पात्र महिला मतदाता बनने से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के मतदान बूथों को मॉडल बूथ के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए। बूथ संख्या 233 पर बीएलओ गौरव कुमार शर्मा ने सात, बूथ संख्या 234 पर विमलेश रानी ने 12, बूथ संख्या 235 पर पूनम सक्सेना ने आठ, बूथ संख्या 236 पर शोभारानी ने 11 तथा बूथ संख्या 237 पर राजीव कुमार ने छह फार्म प्राप्त होने की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा विद्यार्थियों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनका मतदाता पंजीकरण समय से कराया जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं।

 

 

Spread the love

Check Also

सीडीओ ने गो-संरक्षण केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण।

सीडीओ ने गो-संरक्षण केंद्र और प्राथमिक विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण। बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी …