Breaking News

बिसौली में 12वां अंतरराष्ट्रीय साहित्यकार सम्मान समारोह आयोजित, देश-विदेश के साहित्यकारों का हुआ सम्मान।

बिसौली में 12वां अंतरराष्ट्रीय साहित्यकार सम्मान समारोह आयोजित, देश-विदेश के साहित्यकारों का हुआ सम्मान।

आई एम खान 

बिसौली। के.बी. हिंदी सेवा न्यास, डॉ. मिथिलेश दीक्षित साहित्य-संस्कृति सेवा न्यास एवं केवल खुराना स्मृति मंच के संयुक्त तत्वावधान में 12वां अंतरराष्ट्रीय साहित्यकार सम्मान समारोह आर.के. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित किया गया। समारोह में नेपाल और अमेरिका सहित देश के 14 प्रदेशों से आए साहित्यकारों ने प्रतिभाग किया। एक दिवसीय इस साहित्यिक आयोजन में साहित्य, संस्कृति और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बदायूं के वरिष्ठ साहित्यकार, समाजसेवी एवं व्यवसायी अशोक खुराना ‘वितान’ ने की। मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा से सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. रामनिवास ‘मानव’ उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में मध्यप्रदेश की साहित्यकार डॉ. लता अग्रवाल ‘तुलजा’ तथा हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. उमेश चंद्र नैथानी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन बरेली के डॉ. नितिन सेठ ने किया।

समारोह का शुभारंभ न्यास अध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्र शर्मा ‘सुधांशु’ एवं मंचासीन अतिथियों ने मां वाणी के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्पण कर किया। चंदौसी से आईं कु. शिवानी दीक्षित ‘महक’ ने मधुर स्वर में वाणी वंदना प्रस्तुत की। न्यास अध्यक्ष ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उनका परिचय कराया।

प्रथम सत्र में डॉ. मिथिलेश दीक्षित साहित्य-संस्कृति सेवा न्यास की गतिविधियों एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। न्यास के सचिव डॉ. नितिन सेठी ने न्यास के कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा न्यास की त्रैमासिक पत्रिका ‘नये क्षितिज’ के संयुक्त अंक 46/47 का लोकार्पण किया गया।

समारोह में विभिन्न साहित्यकारों की पुस्तकों का भी लोकार्पण हुआ। इनमें डॉ. सतीश चंद्र शर्मा ‘सुधांशु’ की 19वीं एवं 20वीं कृति ‘ना री, मुकरी’ (मुकरी संग्रह) और ‘किशोर मन की कुंडलियां’ (कुंडलियां संग्रह), मध्यप्रदेश के राजेंद्र शर्मा ‘राही’ का दोहा संग्रह ‘संस्कारों की चौपाल’, संभल के मुकेश कुमार दीक्षित ‘शिवांश’ का कविता संग्रह ‘काव्य प्रेरणा’, मेरठ की सुधा शर्मा आर्य का उपन्यास ‘ऐसे तो मत दुत्कारो’, अलीगढ़ की वर्षा अग्रवाल का हाइकु संग्रह ‘आचमन’ तथा सहारनपुर के हरिराम ‘पथिक’ का गीत संग्रह ‘गीत साथ जो मिलकर गाये’ शामिल रहे।

अंत में समारोह अध्यक्ष अशोक खुराना ‘वितान’ ने अपने संबोधन में साहित्यिक गतिविधियों के महत्व पर विचार व्यक्त किए। अध्यक्षीय उद्बोधन के साथ ही समारोह का समापन हुआ।

Spread the love

Check Also

आज जनपद में चलेगा पल्स पोलियो अभियान, 2345 स्थानों पर लगेंगे बूथ।

आज जनपद में चलेगा पल्स पोलियो अभियान, 2345 स्थानों पर लगेंगे बूथ। बदायूं। शासन से …