Breaking News

शाहजहांपुर में छह साल पुराने हत्याकांड का खुलासा, फरार पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार।

शाहजहांपुर में छह साल पुराने हत्याकांड का खुलासा, फरार पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार।

मुबारक अली, संवाददाता 

शाहजहांपुर। शाहजहांपुर पुलिस ने छह वर्ष पुराने सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए फरार चल रही पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के कार्यभार संभालने के बाद जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है।

मामला थाना तिलहर क्षेत्र का है, जहां छह साल पहले प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले सतीश चंद्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी सुनीता गंगवार का अपने ही नंदोई कपिल गंगवार के साथ प्रेम संबंध था। जब इस संबंध की जानकारी सतीश को हुई तो उसने विरोध किया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, सुनीता ने पहले अपने पति के खाने में जहर मिला दिया और फिर कपिल के साथ मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए और अपनी पहचान छुपाते हुए पहले नोएडा में करीब दो साल तक रहे, इसके बाद हिमाचल प्रदेश के सोलन जनपद के बद्दी क्षेत्र में चार साल तक छिपे रहे। इस दौरान कपिल गंगवार एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्य कर रहा था।

एसओजी, थाना तिलहर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को सरयू पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सुनीता गंगवार निवासी पिपरा थाना तिलहर और उसका प्रेमी कपिल गंगवार निवासी राजनपुर थाना तिलहर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!