Breaking News

सहसवान: दंड झील से कछला गंगा घाट तक नहर निर्माण की कवायद तेज, सिंचाई विभाग की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण।

सहसवान: दंड झील से कछला गंगा घाट तक नहर निर्माण की कवायद तेज, सिंचाई विभाग की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण।

सहसवान (बदायूं)। विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। दंड झील से कछला गंगा नदी तक नहर निकलवाए जाने की मांग को लेकर सिंचाई विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। यह पहल भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री दीक्षा माहेश्वरी और वार्ड सभासद सौरव माहेश्वरी द्वारा की गई है, जिन्होंने हाल ही में लखनऊ में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था।

हजारों किसानों को मिलेगा सीधा लाभ

लखनऊ में जल शक्ति मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा नेताओं ने बताया कि सहसवान विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई के साधनों का अभाव है, जिससे किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मंत्री से मांग की थी कि क्षेत्र के प्रमुख तीर्थ स्थल ‘सरसोता’ से बहने वाली दंड झील की खुदाई कर उसे कछला गंगा घाट तक नहर के माध्यम से जोड़ा जाए। इससे न केवल हजारों किसानों की सिंचाई समस्या का स्थायी समाधान होगा, बल्कि कृषि क्षेत्र में भी नई क्रांति आएगी। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्थलीय निरीक्षण के निर्देश दिए थे।

सिंचाई विभाग की टीम ने परखा मार्ग

मंत्री के निर्देश पर सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर रमेश चंद और इंजीनियर कुलदीप के नेतृत्व में एक टीम सहसवान पहुंची। भाजपा प्रदेश मंत्री दीक्षा माहेश्वरी, सौरव माहेश्वरी और समाजसेवी ताहिर अंसारी ने टीम के साथ परशुराम का टीला, बदायूं-मेरठ राज्य मार्ग पर स्थित पुलिया और उन सभी संभावित स्थानों का निरीक्षण किया, जहाँ से दंड झील गुजरती है। निरीक्षण के दौरान टीम ने प्रस्तावित नहर मार्ग की भौगोलिक स्थिति को बारीकी से परखा।

जल्द रिपोर्ट भेजेगा सिंचाई विभाग

सिंचाई विभाग की टीम ने दोनों नेताओं को आश्वस्त किया है कि इस स्थलीय भ्रमण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को लखनऊ भेजी जाएगी। ज्ञापन में इस बात का भी उल्लेख किया गया था कि पूर्व जिलाधिकारी चंद्रकांत त्रिपाठी के कार्यकाल में दंड झील की खुदाई का कार्य शुरू हुआ था, जो उनके स्थानांतरण के बाद रुक गया था। अब एक बार फिर इस परियोजना के आगे बढ़ने से क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है। इस मौके पर समाजसेवी ताहिर अंसारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!