Breaking News

लखीमपुर खीरी: 2027 में सपा सरकार बनने पर लखीमपुर खीरी की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का दावा: अखिलेश यादव।

2027 में सपा सरकार बनने पर लखीमपुर खीरी की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का दावा: अखिलेश यादव।

संवाददाता, मोहम्मद असलम 

लखीमपुर खीरी। राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में रविवार को आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा के साथ लखीमपुर खीरी की स्थानीय समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। पलिया विधानसभा से सपा प्रदेश सचिव रेहान खान ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष दुधवा क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष, किसानों की फसलों के नुकसान, पलिया हवाई पट्टी, सर्किल रेट, सुहेली नदी की सफाई और हर साल आने वाली बाढ़ का मुद्दा रखा।

बैठक में रेहान खान ने दुधवा टाइगर रिजर्व से लगे ग्रामीण इलाकों में हिंसक वन्यजीवों के आबादी क्षेत्र में आने की समस्या रखते हुए वन सीमा पर मजबूत तार फेंसिंग कराने और जंगल के भीतर शाकाहारी जीवों के लिए घास के नए मैदान विकसित करने की मांग की, जिससे वन्यजीवों के आबादी की तरफ आने की संभावना कम हो सके। इसके साथ ही टस्कर हाथियों के झुंड द्वारा फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान से किसानों को बचाने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और सुहेली नदी की सिल्ट सफाई कराकर जलप्रवाह बेहतर बनाने की मांग उठी।

पलिया हवाई पट्टी को लेकर रेहान खान ने बताया कि भूमि अधिग्रहण के बावजूद अभी तक नियमित हवाई आवागमन शुरू नहीं हुआ है, जिसे जल्द शुरू कराया जाए। साथ ही पलिया के मुजहा गांव में हवाई पट्टी से जुड़ी भूमि और नए सर्किल रेट में अपेक्षित संशोधन न होने का मुद्दा उठाते हुए प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की मांग रखी गई। जिले में सितंबर 2026 में लागू नए सर्किल रेट के तहत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगभग 10 प्रतिशत और अन्य क्षेत्रों में लगभग 12 प्रतिशत वृद्धि हुई है।

शारदा और सुहेली समेत अन्य नदियों में जलस्तर बढ़ने से होने वाली बाढ़ व नदी कटान की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तटबंधों को मजबूत करने, संवेदनशील स्थानों पर कटानरोधी कार्य कराने और स्थायी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा पलिया क्षेत्र के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने तथा सरकार बनने पर चीनी मिलों के माध्यम से गन्ना किसानों के भुगतान 24 से 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने का मुद्दा भी प्रमुखता से चर्चा में रहा।

रेहान खान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लखीमपुर खीरी की इन समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया है। यह बैठक आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और सांगठनिक मजबूती के क्रम में आयोजित हुई थी।

Spread the love

Check Also

दातागंज में पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक: योजनाओं को पारदर्शिता से धरातल पर उतारने का आह्वान।

दातागंज में पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक: योजनाओं को पारदर्शिता से धरातल पर उतारने का आह्वान। …