Breaking News

खेदाई नारायनपुर: विकास कार्यों में बाधा डाल रहे विरोधियों के आरोपों को ग्राम प्रधान ने नकारा, नाली निर्माण जल्द होगा शुरू।

खेदाई नारायनपुर: विकास कार्यों में बाधा डाल रहे विरोधियों के आरोपों को ग्राम प्रधान ने नकारा, नाली निर्माण जल्द होगा शुरू।

संवाददाता, घूरेलाल कन्नौजिया 

सैयदराजा (चंदौली)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खेदाई नारायनपुर में विकास कार्यों को लेकर खींचतान की स्थिति बनी हुई है। गांव के मुख्य मार्ग से बस्ती की ओर पानी निकासी के लिए बन रही नाली के निर्माण कार्य को कुछ लोगों द्वारा रोके जाने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। एक ओर जहां विपक्षी पक्ष ग्राम प्रधान पर अनियमितता के आरोप लगा रहा है, वहीं ग्राम प्रधान शैलेंद्र यादव ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे विकास कार्यों में रोड़ा अटकाने की साजिश करार दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग से गांव की ओर आने वाला रास्ता पूर्व में बेहद जर्जर अवस्था में था, जिसके सुधार के लिए उन्होंने ग्राम प्रधान से गुहार लगाई थी। जनता की मांग पर प्रधान ने सरकारी आबादी की भूमि की लेखपाल और कानूनगो से विधिवत पैमाइश कराई और वर्ष 2024 में सीसी रोड का निर्माण कार्य पूर्ण कराया। अब इस रास्ते के किनारे जल निकासी के लिए नाली का निर्माण किया जा रहा है, जिसे भविष्य की जरूरतों के लिहाज से बेहद जरूरी माना जा रहा है। हालांकि, गांव के ही कुछ विपक्षी लोग अब इस पर सवाल उठा रहे हैं और काम रुकवाने का प्रयास कर रहे हैं।

इस पूरे प्रकरण पर अपना पक्ष रखते हुए ग्राम प्रधान शैलेंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने पूरी ईमानदारी के साथ विकास कार्य कराए हैं। पैमाइश के बाद ही वर्ष 2024 में सड़क बनाई गई थी और अब मनरेगा के तहत नाली निर्माण कराया जा रहा है ताकि ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ अराजक तत्व निजी स्वार्थ के चलते जनहित के कार्यों में अवरोध पैदा कर रहे हैं। प्रधान ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वह इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं और मंगलवार से रुका हुआ निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ करा दिया जाएगा, जिससे गांव वालों को आवागमन में सहूलियत मिल सके।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!