Breaking News

कासगंज: गंदे पानी के बीच जीने को मजबूर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: मथुरा-बरेली हाईवे पर जड़ा ताला, लगा वाहनों का लंबा जाम।

गंदे पानी के बीच जीने को मजबूर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: मथुरा-बरेली हाईवे पर जड़ा ताला, लगा वाहनों का लंबा जाम।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। जनपद में जलभराव की विकराल समस्या से त्रस्त ग्रामीणों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मथुरा-बरेली हाईवे किनारे बसे नगला मामो गांव में कई दिनों से गलियों में जमा गंदे पानी और जल निकासी की व्यवस्था न होने से नाराज महिलाओं और ग्रामीणों ने हाईवे पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीचों-बीच खड़े होकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया, जिसके चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और ग्राम पंचायत पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में गंदा पानी निकलने का कोई स्थाई रास्ता नहीं है। पहले यह पानी एक निजी खेत की ओर निकल जाता था, लेकिन खेत मालिक ने अपने पैतृक रास्ते को बंद कर दिया है, जिसके बाद से पूरा गांव जलमग्न हो गया है। हालात इतने बदतर हैं कि गंदा पानी अब लोगों के घरों के भीतर घुसने लगा है। आए दिन बुजुर्ग और मासूम बच्चे इन सड़ांध मारती नालियों और जलभराव के कारण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला, जिसके चलते उन्हें मजबूरन सड़क जाम करने जैसा सख्त कदम उठाना पड़ा।

जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल निकासी का भरोसा दिया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जिस खेत की वजह से निकासी रुकी है, वह निजी पैतृक भूमि है, लेकिन फिलहाल वैकल्पिक रास्ता निकालकर शाम तक पानी निकालने की व्यवस्था कर दी जाएगी। साथ ही प्रभावित रास्तों पर मिट्टी डलवाने का कार्य भी तत्काल शुरू कराने का आश्वासन दिया गया है, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोला और यातायात सुचारू हो सका।

वाइट- हनु, प्रदर्शनकारी महिला।

वाइट- मीरा, प्रदर्शनकारी महिला

वाइट- अमित कुमार, ग्राम पंचायत सचिव।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!