Breaking News

कासगंज: तड़पते घायल के लिए ‘देवदूत’ बने सीओ पटियाली: सरकारी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल, बचाई जान।

तड़पते घायल के लिए ‘देवदूत’ बने सीओ पटियाली: सरकारी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल, बचाई जान।

संवाददाता, जुम्मन कुरैशी 

कासगंज। उत्तर प्रदेश पुलिस का एक बेहद संवेदनशील और मानवीय चेहरा जनपद कासगंज में देखने को मिला है, जहाँ गश्त पर निकले क्षेत्राधिकारी (सीओ) पटियाली अमित कुमार ने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक बाइक सवार को न सिर्फ समय पर अस्पताल पहुँचाया, बल्कि अपनी त्वरित सूझबूझ से उसकी जान भी बचाई। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बिलौली निवासी बदन सिंह अपनी मोटरसाइकिल से बड़े गांव कोटरा से वापस घर लौट रहे थे, तभी चांडी चौकी से करीब एक किलोमीटर पहले अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े।

दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि बदन सिंह के सिर और कान से अत्यधिक खून बहने लगा और वह अचेत होकर सड़क किनारे तड़पने लगे। इसी बीच थाना सिकंदरपुर वैश्य का औचक निरीक्षण करने के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था का जायजा लेने निकले क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार की नज़र जैसे ही लहूलुहान हालत में पड़े बदन सिंह पर पड़ी, उन्होंने तुरंत अपनी सरकारी गाड़ी रुकवाई।

घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए सीओ अमित कुमार ने एम्बुलेंस का इंतजार करने में वक्त ज़ाया न करते हुए तत्काल घायल बदन सिंह को अपनी ही सरकारी गाड़ी में लिटाया और जिला अस्पताल भिजवाया। इतना ही नहीं, उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कासगंज से फोन पर संपर्क कर घायल को तुरंत बेहतर आपातकालीन इलाज मुहैया कराने की बात कही। समय पर उचित इलाज मिलने के कारण बदन सिंह की हालत में तेजी से सुधार हुआ और डॉक्टरों की गहन देखरेख के बाद उन्हें अस्पताल से सुरक्षित डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है। बदन सिंह के सकुशल घर लौटने पर उनके भावुक परिजनों ने क्षेत्राधिकारी पटियाली और कासगंज पुलिस का दिल से आभार व्यक्त करते हुए उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की है। परिजनों का कहना है कि अगर सही समय पर पुलिस वहाँ न पहुँचती, तो कोई भी बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस की इस तत्परता ने जनता के बीच खाकी का मान और बढ़ा दिया है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!