Breaking News

केसर मिल के किसानों का 165 करोड़ बकाया चुकाए सरकार: अताउर्रहमान।

सपा विधायक ने मिल को ऋण देकर भुगतान कराने की उठाई मांग, 31 अक्टूबर को देंगे ज्ञापन।

संवाददाता: मोहम्मद वसीम

बहेड़ी, बरेली। केसर चीनी मिल पर किसानों के गन्ना मूल्य का करीब 165 करोड़ रुपये बकाया होने का मुद्दा उठाते हुए समाजवादी पार्टी के विधायक एवं पूर्व मंत्री अताउर्रहमान ने प्रदेश सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार मिल को 165 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराए, ताकि किसानों का बकाया भुगतान कराया जा सके और मिल को दोबारा चालू करने की दिशा में प्रयास हो सकें।

रविवार को बहेड़ी स्थित सपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में अताउर्रहमान ने कहा कि गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं होने से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कई किसान अपने बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

मिल की नीलामी प्रक्रिया पर उठाए सवाल

सपा विधायक ने केसर चीनी मिल की जमीन की नीलामी प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बोली लगाने वालों में भाजपा से जुड़े लोग भी शामिल थे। अताउर्रहमान ने कहा कि किसानों को केवल आश्वासन देने के बजाय सरकार को बकाया भुगतान सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि मिल बंद रहने से गन्ना किसानों के साथ-साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। मिल दोबारा शुरू होने से किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिल सकती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा कारोबार को भी सहारा मिल सकता है। उन्होंने बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट मांग रहे नेताओं से भी किसानों के बकाया भुगतान का मुद्दा सरकार के सामने उठाने की अपील की।

31 अक्टूबर को किसानों की समस्याओं पर देंगे ज्ञापन

अताउर्रहमान ने बताया कि 31 अक्टूबर को किसानों के बकाया गन्ना मूल्य सहित अन्य समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार यदि किसानों के हित में काम करने का दावा करती है तो उसे बकाया भुगतान कराने और केसर चीनी मिल के संचालन को लेकर प्रभावी पहल करनी चाहिए।

Spread the love

Check Also

सपा सैनिक प्रकोष्ठ की मासिक बैठक में कमेटी का विस्तार, शर्मेंद्र सिंह बने जिला महासचिव।

सपा सैनिक प्रकोष्ठ की मासिक बैठक में कमेटी का विस्तार, शर्मेंद्र सिंह बने जिला महासचिव। …