Breaking News

इटावा: महाशिवरात्रि पर शिवभक्ति की धूम: गंगाजल लेकर निकले कांवरिए, चकरनगर में गूंजे जयकारे।

महाशिवरात्रि पर शिवभक्ति की धूम: गंगाजल लेकर निकले कांवरिए, चकरनगर में गूंजे जयकारे।

आनन्द पाण्डेय, संवाददाता 

इटावा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर चकरनगर कस्बा श्रद्धा, समर्पण और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। दूर-दराज के गांवों, जनपदों तथा पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से आए कांवरिए पवित्र गंगा तट से जल भरकर अपनी-अपनी कांवर कंधों पर सजाए हुए निर्धारित शिवालयों की ओर अग्रसर होते दिखाई दिए।

सिंगी रामपुर गंगा तट से उठाई गई कांवर केवल जल से भरी नहीं होती, बल्कि उसमें आस्था, तपस्या और मनोकामनाओं का संकल्प भी समाहित होता है। कई कांवरिए सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा कर इस पवित्र जल को अपने क्षेत्र के शिवालयों तक पहुंचाते हैं, जहां विधि-विधान से जलाभिषेक कर भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की जाती है।

चकरनगर से गुजरते श्रद्धालुओं के कदमों में थकान नहीं, बल्कि शिवभक्ति का उत्साह साफ झलकता रहा। कस्बे की सड़कों पर दिनभर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही।

कांवर यात्रा के दौरान कस्बे के समाजसेवियों और व्यापारियों ने सेवा शिविर लगाकर फल, चाय, दूध, पेठा, शीतल पेय तथा व्रत के खाद्य पदार्थों की व्यवस्था की। श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए भी समुचित प्रबंध किए गए। भक्ति संगीत और धूप-दीप की सुगंध से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

चकरनगर सर्किल की पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रही। उपनिरीक्षक खुर्शीद खान ने कांवरियों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और “बम-बम भोले” के जयकारों के साथ उन्हें आगे के लिए रवाना किया।

सेवा कार्यों में व्यापारी वीरपाल सिंह चौहान, सोनू गुप्ता, रजत गुप्ता, राजू गुप्ता, बृज बिहारी तिवारी, नीरज चौहान, पुष्पेंद्र चौहान, जीतू चौहान, आशू मोहम्मद, रमेश भदौरिया सहित अनेक समाजसेवी जुटे रहे। अन्य स्थानों पर भी धर्मेंद्र जैन, प्रशांत तिवारी, कल्लू यादव, पिंटू यादव, आकाश गुप्ता, रौनक दीक्षित, चंदू वाजपेई, संतोष सविता सहित गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कस्बावासियों ने विनम्रता के साथ कांवरियों का स्वागत कर यह संदेश दिया कि चकरनगर केवल एक मार्ग नहीं, बल्कि उनकी तपस्या और आस्था का सहभागी भी है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!