Breaking News

जंतर-मंतर छात्र आंदोलन का समर्थन करना पड़ा भारी? बहेड़ी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर ने लगाया बिना कारण सेवा समाप्ति का आरोप।

जंतर-मंतर छात्र आंदोलन का समर्थन करना पड़ा भारी? बहेड़ी कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर ने लगाया बिना कारण सेवा समाप्ति का आरोप।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली/बहेड़ी। जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करने को लेकर बहेड़ी स्थित गन्ना उत्पादक (स्नातकोत्तर) महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉमर्स) डॉ. मोहित भारद्वाज ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि आंदोलन में अपनी भागीदारी और समर्थन के चलते कॉलेज प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना, विभागीय जांच या ठोस कारण के उनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इस मामले में उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और अपनी सेवा बहाली की मांग की है।

डॉ. मोहित भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी नियुक्ति 20 जून 2024 को महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्वीकृति के उपरांत हुई थी, जिसके बाद उन्होंने 11 जुलाई 2024 को महाविद्यालय में कार्यभार ग्रहण किया था। उनके अनुसार कॉलेज प्रशासन ने उन्हें 30 जून 2027 तक का वैध पहचान पत्र भी जारी किया था, जो उनकी नियमित सेवा की पुष्टि करता है। उन्होंने यह भी बताया कि 20 मई 2026 को महाविद्यालय प्रशासन ने उनके उत्कृष्ट आचरण, कार्यनिष्ठा और संतोषजनक सेवाओं का उल्लेख करते हुए चरित्र प्रमाण पत्र भी जारी किया था, ऐसे में अचानक बिना किसी आधार के सेवा समाप्त किया जाना कई बड़े सवाल खड़े करता है।

पीड़ित प्रोफेसर का सीधा आरोप है कि जंतर-मंतर पर आयोजित छात्र आंदोलन के समर्थन में खड़े होने के कारण ही उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि इस पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराई जाए, दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो और उन्हें पुनः सेवा में बहाल किया जाए।

फिलहाल इस गंभीर मामले में महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या पक्ष सामने नहीं आया है। प्रबंधन का पक्ष प्राप्त होते ही उसे भी प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया जाएगा।

डॉ. मोहित भारद्वाज असिस्टेंट प्रोफेसर, गन्ना उत्पादक (स्नातकोत्तर) महाविद्यालय

 

 

Spread the love

Check Also

बरेली: आर.ए.सी. ने तेज की उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां, ज़ायरीन की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस।

आर.ए.सी. ने तेज की उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां, ज़ायरीन की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा विशेष …

error: Content is protected !!