Breaking News

ग्राम चौसिंग, ग्राम पंचायत भैसोरा के तालाब के गंदे पानी से खेतों की फसल बर्बाद, पार/वाउण्ड्री निर्माण की मांग, किसान की गुहार पर प्रशासन मौन। 

तालाब के गंदे पानी से खेतों की फसल बर्बाद, पार/वाउण्ड्री निर्माण की मांग, किसान की गुहार पर प्रशासन मौन। 

उझानी, (बदायूँ)। उझानी थाना क्षेत्र के ग्राम चौसिंग, ग्राम पंचायत भैसोरा के विकलांग व गरीब किसान उदयवीर सिंह की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। गांव के बाहर कछला–ननाखेड़ा रोड पर स्थित तालाब का गंदा पानी सीधे उनके खेतों में भर जाने से उनकी खड़ी फसलें बर्बाद हो रही हैं। किसान का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोग तालाब को मिट्टी, कूड़ा-कचरा व घूर डालकर पाटने का कार्य कर रहे हैं, जिसके कारण तालाब का पानी बहकर सड़क पार कर सीधे खेतों में चला जाता है।

प्रभावित किसान उदयवीर सिंह ने बताया कि पूर्व में उनकी गेहूं की फसल इसी पानी से चौपट हो चुकी थी और अब धान की खड़ी फसल भी बर्बाद होने की कगार पर है। उन्होंने 2 सितंबर को इस संबंध में जिला अधिकारी बदायूँ को प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत पर 18 सितंबर को सचिव, लेखपाल, कानूनगो व ग्राम प्रधान ने मौके का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई थी।

किसान का कहना है कि जांच टीम ने तालाब की पार बनवाने के बजाय मुआवजा दिलाने की बात कही, जबकि वह केवल मुआवजे से संतुष्ट नहीं है। उनका कहना है कि हर बार की तरह यदि तालाब का पानी खेतों में भरता रहा तो उनकी मेहनत की फसलें लगातार नष्ट होती रहेंगी। किसान ने मांग की है कि तालाब की पार/वाउण्ड्री बनवाकर पानी को खेतों में जाने से रोका जाए, ताकि स्थायी समाधान निकल सके।

ग्रामीणों का कहना है कि तालाब को पाटने की साजिश में कुछ दबंग लोग सक्रिय हैं और अधिकारियों के सामने भी उन्होंने तालाब खत्म करने की जुगाड़ तलाशने की बात कही। किसान उदयवीर सिंह का आरोप है कि ग्राम प्रधान भी इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं।

गांव के लोग बताते हैं कि यदि तालाब की पार नहीं बनी और उसकी नियमित सफाई व देखभाल नहीं की गई तो न सिर्फ उदयवीर बल्कि आसपास के अन्य किसानों की फसलें भी बर्बाद होती रहेंगी।

किसान उदयवीर ने जिला प्रशासन से तालाब की वाउण्ड्री बनवाकर स्थायी समाधान की गुहार लगाई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाता है।

Spread the love

Check Also

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, FLC प्रक्रिया शुरू।

बदायूं में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के बीच खुली ईवीएम वेयरहाउस, …