Breaking News

बलुआ पुलिस की बड़ी कामयाबी — अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, गिरोह का सरगना गिरफ्तार।

बलुआ पुलिस की बड़ी कामयाबी — अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, गिरोह का सरगना गिरफ्तार।

तीन तमंचे, सैकड़ों कल-पुर्जे और असलहा बनाने के उपकरण बरामद, पुलिस टीम को ₹20,000 का इनाम घोषित।

जयशंकर मिश्रा, संवाददाता 

चंदौली। जनपद चंदौली की बलुआ पुलिस ने रविवार की शाम एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नदेसर गांव में संचालित हो रही अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। मौके से तीन तैयार तमंचे, कई अर्धनिर्मित हथियार, सैकड़ों कल-पुर्जे और असलहा निर्माण में प्रयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने गिरोह के सरगना संजय शर्मा उर्फ संजू पुत्र रामलखन शर्मा उर्फ लच्छू निवासी नदेसर मारूफपुर को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी आदित्य लांग्हे ने इस बड़ी कामयाबी पर पुलिस टीम को ₹20,000 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एडीजी पीयूष मोर्डिया एवं डीआईजी वैभव कृष्ण के निर्देशन में और एएसपी अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) तथा सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

थानाध्यक्ष अतुल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार शाम नदेसर गांव में छापा मारकर फैक्ट्री का पर्दाफाश किया।

पुलिस को काफी दिनों से सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में अवैध असलहों का निर्माण और बिक्री का कारोबार चल रहा है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक 12 बोर, एक 312 बोर, और एक 315 बोर (अर्धनिर्मित) तमंचा बरामद किया। साथ ही 2 खोखा 315 बोर, 1 खोखा 12 बोर, शस्त्र निर्माण में प्रयुक्त मशीनें, और बड़ी मात्रा में उपकरण व कल-पुर्जे भी मिले।

गिरफ्तार आरोपी संजय शर्मा उर्फ संजू ने पूछताछ में बताया कि वह तमंचा बनाकर 3,000 से 3,500 रुपये में बेचता था। उसके ग्राहक मुख्य रूप से चंदौली, गाजीपुर और वाराणसी के हैं। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नए असलहे बनाने के साथ पुराने असलहों की मरम्मत भी करता था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चार आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अब उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की सुसंगत धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!