Breaking News

बरेली: पेट्रोल पंप से सटे कोका-कोला डिपो के रिकॉर्ड रूम में भीषण आग, बड़ा हादसा टला।

पेट्रोल पंप से सटे कोका-कोला डिपो के रिकॉर्ड रूम में भीषण आग, बड़ा हादसा टला।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। रामपुर रोड स्थित स्वाले नगर क्षेत्र में शुक्रवार को कोका-कोला डिपो के रिकॉर्ड रूम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना का सबसे संवेदनशील पहलू यह रहा कि जिस रिकॉर्ड रूम में आग लगी, उसके ठीक बगल में भारत पेट्रोल पंप संचालित है, जहां पेट्रोल, डीजल के साथ सीएनजी की भी सुविधा उपलब्ध है। यदि आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को समय रहते फैलने से रोक दिया गया।

प्रारंभिक जांच में आग रिकॉर्ड रूम तक ही सीमित रही। आग से वहां रखे दस्तावेजों और अन्य सामग्री के जलने की सूचना है। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

फायर विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

बरेली: कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी।

कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी। …

error: Content is protected !!