Breaking News

बरेली: कांवड़ियों की सुविधा को लेकर बीडीए ने कसी कमर, मार्गों पर होंगे विशेष इंतजाम।

कांवड़ियों की सुविधा को लेकर बीडीए ने कसी कमर, मार्गों पर होंगे विशेष इंतजाम।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को बीडीए सभागार में प्राधिकरण की उपाध्यक्ष ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों के साथ बैठक कर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि पहली बार प्राधिकरण की ओर से कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। कांवड़ मार्गों पर सड़क की मरम्मत, चौड़ीकरण, समतलीकरण और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने का काम कराया जा रहा है। इसके अलावा सफाई, जल निकासी और यातायात में बाधा बनने वाले अवरोधों को हटाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों को आकर्षक बनाने के लिए चारों मुख्य द्वारों पर सौंदर्यीकरण और विद्युत सजावट का काम किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार कांवड़ मार्ग पर शिव भजनों की व्यवस्था कर माहौल को भक्तिमय बनाया जाएगा।

कछला मार्ग से बरेली आने वाले कांवड़ियों का स्वागत तपेश्वरनाथ-मढ़ीनाथ द्वार तथा हरिद्वार मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत अवैद्यनाथ द्वार पर किया जाएगा। रामपुर रोड पर 16 और 17 अगस्त को विशेष स्वागत व्यवस्था प्रस्तावित है।

यात्रियों की जरूरत को देखते हुए भंडारा, विश्राम स्थल, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, मोबाइल शौचालय, कांवड़ स्टैंड, मोबाइल चार्जिंग सुविधा, पेयजल और अंगवस्त्र वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है।

बैठक के दौरान बीडीए की विभिन्न विकास परियोजनाओं, आधारभूत सुविधाओं और शहर के नियोजित विस्तार पर भी चर्चा हुई। पत्रकारों ने यातायात व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़े सुझाव दिए। उपाध्यक्ष ने उपयोगी सुझावों को कार्ययोजना में शामिल करने का भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना प्राधिकरण की प्राथमिकता है और आगे भी इसी दिशा में विकास कार्य जारी रहेंगे।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …