Breaking News

बहेड़ी: बारिश के बाद जंगल में निकला मगरमच्छ, घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वन विभाग ने पाया काबू।

बहेड़ी: बारिश के बाद जंगल में निकला मगरमच्छ, घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वन विभाग ने पाया काबू।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

बरेली (बहेड़ी)। लगातार हो रही बारिश के कारण बहेड़ी तहसील के गांव मंडनपुर जूनूबी का जंगल क्षेत्र चर्चा का विषय बना हुआ है। शनिवार को यहां जंगल में एक मगरमच्छ के दिखाई देने से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई। खेतों में काम कर रहे लोगों की नजर जैसे ही मगरमच्छ पर पड़ी, हड़कंप मच गया और आनन-फानन में गांव में सूचना दी गई। मगरमच्छ के आने की खबर सुनते ही भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर लोगों ने खेतों और जंगल की ओर जाना बंद कर दिया।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मगरमच्छ बार-बार झाड़ियों और पानी से भरे गड्ढों में छिप रहा था, जिससे उसे काबू करना टीम के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था। वन विभाग के कर्मचारियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत और संयम का परिचय देते हुए आखिरकार मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। मगरमच्छ को काबू में होते देख स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश और जलभराव के चलते यह मगरमच्छ अपने प्राकृतिक आवास से भटककर भटक गया और गांव के जंगल तक पहुँच गया। फिलहाल विभाग द्वारा मगरमच्छ को उसके सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस घटना के बाद वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि भविष्य में कहीं भी मगरमच्छ या कोई अन्य जंगली जीव दिखाई दे, तो ग्रामीण उसके पास न जाएं और न ही उसे घेरने या पकड़ने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचित करें ताकि विशेषज्ञों की देखरेख में बिना किसी अप्रिय घटना के जंगली जीव का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

 

 

Spread the love

Check Also

गंजडुंडवारा में दिव्यांगजनों के लिए निशुल्क उपकरण वितरण शिविर: 189 लाभार्थियों को मिले 857 सहायक उपकरण।

गंजडुंडवारा में दिव्यांगजनों के लिए निशुल्क उपकरण वितरण शिविर: 189 लाभार्थियों को मिले 857 सहायक …