Breaking News

बलरामपुर में मिठाइयों की मिलावट का खुलासा, भारत स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित।

बलरामपुर में मिठाइयों की मिलावट का खुलासा, भारत स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित।

गुलाम नबी कुरैशी 

बलरामपुर। बलरामपुर जनपद में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उतरौला स्थित प्रतिष्ठित मिष्ठान केंद्र भारत स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। विभाग द्वारा लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद प्रतिष्ठान को तत्काल बंद करा दिया गया। इसके साथ ही दो अन्य मिठाई दुकानों के खिलाफ भी लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

दिवाली से पहले मीडिया द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन में कुछ मिठाइयों में मिलावट की आशंका जताई गई थी। इसके बाद विभाग ने जनपद के विभिन्न मिष्ठान भंडारों से सैंपल लेकर गोरखपुर प्रयोगशाला भेजे थे। जांच रिपोर्ट में उतरौला के भारत स्वीट्स से लिए गए बतीसा और बतीसा रोल के नमूने असुरक्षित पाए गए।

इसी तरह नगर क्षेत्र स्थित चौक रोड के राम मिष्ठान भंडार की रसमलाई को भी उपभोग के लिए हानिकारक बताया गया है। वहीं तुलसीपुर में चीनी मिल गेट के पास फुटकर विक्रेता राशिद खान पुत्र अब्दुल मन्नान के प्रतिष्ठान से लिए गए मोतीचूर लड्डू का नमूना भी जांच में फेल हो गया।

सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि भारत स्वीट्स का लाइसेंस निलंबित कर निर्माण कार्य अगले आदेश तक रोक दिए गए हैं। जबकि दो अन्य दुकानों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया प्रचलन में है। विभाग ने चेतावनी दी है कि मिलावट की पुष्टि होने पर लाइसेंस रद्द करने के साथ ही मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावट की शिकायतें आम हो जाती हैं, ऐसे में प्रशासन की सख्त कार्रवाई जरूरी है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि मिठाइयां खरीदते समय गुणवत्ता जरूर जांचें और संदिग्ध सामग्री की तुरंत शिकायत करें।

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।

फर्रुखाबाद: एसओजी और कादरीगेट पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुर्जे काटकर बेचने …