Breaking News

जीएसटी चोरी में तीन आरोपी गिरफ्तार, 10.77 करोड़ की हेराफेरी का पर्दाफाश।

जीएसटी चोरी में तीन आरोपी गिरफ्तार, 10.77 करोड़ की हेराफेरी का पर्दाफाश।

मुबारक अली, संवाददाता

शाहजहांपुर। शाहजहांपुर पुलिस ने जीएसटी चोरी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेजों की मदद से दस करोड़ सतहत्तर लाख रुपये की राजस्व हानि पहुंचाने का आरोप है। यह कार्रवाई थाना रौजा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कोशिशों से की गई।

इस मामले की शुरुआत तब हुई जब 28 मई को सहायक आयुक्त राज्य कर भावना चंद्र ने थाना रौजा में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोग फर्जी जीएसटी फॉर्म तैयार करके सरकार को नुकसान पहुँचा रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले जिनके आधार पर तीन युवकों को अटसलिया पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गौरव यादव निवासी सेक्टर-11 रोहिणी दिल्ली, दीपक निवासी समयपुर बदली दिल्ली और सिद्धार्थ पांडे निवासी ग्राम टिकरा थाना नवाबगंज प्रयागराज शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक महिंद्रा XEV 9E कार, करीब दो सौ फर्जी रेंट एग्रीमेंट, उनतीस पैन कार्ड की फोटोकॉपी, बैंक स्टेटमेंट, फर्जी मोहरें, दो आईफोन 17 प्रो, एक सैमसंग S25 अल्ट्रा, दो टैबलेट, पेन ड्राइव और हार्ड डिस्क समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर लोन दिलाने का विज्ञापन डालते थे और जो भी व्यक्ति उनसे संपर्क करता था, उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड और बिजली का बिल लेकर उसके नकली दस्तावेज तैयार कर लेते थे। इन फर्जी दस्तावेजों की मदद से वे रेंट एग्रीमेंट बनाते, जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराते, फिर करंट अकाउंट खुलवाकर फर्जी बिलों के जरिये जीएसटी चोरी का काम करते थे। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इनके नेटवर्क में और लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिसकी जांच जारी है।

इस कार्रवाई में प्रभारी गैंगस्टर सेल वीरेंद्र सिंह, प्रभारी एसओजी धर्मेंद्र कुमार, प्रभारी निरीक्षक थाना रौजा राजीव कुमार, प्रभारी सर्विलांस मनोज कुमार, उप निरीक्षक जगत सिंह और उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे और भी खुलासे होने की उम्मीद है।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!