Breaking News

आरोही हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिलीं राज्य महिला आयोग की सदस्य, आरोपी को फांसी और सुरक्षा व्यवस्था कड़े करने की मांग।

आरोही हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिलीं राज्य महिला आयोग की सदस्य, आरोपी को फांसी और सुरक्षा व्यवस्था कड़े करने की मांग।

संवाददाता, वसीम कुरैशी 

गंजडुंडवारा। कोतवाली क्षेत्र के बाहरपुर गांव में चार वर्षीय मासूम आरोही की नृशंस हत्या के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में है। इस दुखद घटना के बाद बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और उन्हें हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

मुलाकात के दौरान परिजनों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उनका परिवार पिछले कुछ वर्षों से लगातार साजिशों और आपराधिक घटनाओं का शिकार हो रहा है। परिजनों ने बताया कि वर्ष 2020 में परिवार के सदस्य राकेश की मौत रेलवे ट्रैक पर हुई थी, जिसे उन्होंने हत्या करार दिया था। इसके बाद इसी साल 2 जनवरी 2026 से राकेश का 20 वर्षीय पुत्र ऋतिक लापता है, जिसका अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। अब मासूम आरोही की हत्या ने परिवार की सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि वे अब न्याय के लिए किसी भी स्तर तक लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने मांग की है कि मासूम आरोही के हत्यारे को फांसी की सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही परिवार ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने की मांग उठाई है। उन्होंने गांव में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाने और बिजली के खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगवाने का आग्रह किया है ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने इस घटना को अत्यंत गंभीर और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि मासूम बच्ची की हत्या किसी भी कीमत पर बर्दाश्त योग्य नहीं है और दोषी को कानून के तहत कठोरतम दंड दिलाया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में पूर्व में हुई घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि जनता के मन से भय निकालने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे।

वहीं, बुधवार सुबह आरोही का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल गांव में तैनात है, लेकिन परिजनों का कहना है कि सुरक्षाकर्मियों की तैनाती उनके घर से काफी दूर है। परिवार ने पुलिस सुरक्षा का दायरा बढ़ाने की अपील की है। फिलहाल, इस हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!