Breaking News

शादी समारोह में कहासुनी के बाद युवक की हत्या, तीन आरोपी नामजद।

शादी समारोह में कहासुनी के बाद युवक की हत्या, तीन आरोपी नामजद।

गिरफ्तारी को पुलिस की दबिश, मृतक की शादी कुछ माह बाद होनी थी। 

मोहम्मद वसीम, संवाददाता 

बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब मामूली कहासुनी के बाद तीन सगे भाइयों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। इस वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। मृतक की जल्द ही शादी होने वाली थी, जिससे दोनों परिवारों में गहरा शोक छा गया है।

मेहनत-मजदूरी से चलाता था परिवार

नूरी नगर निवासी 26 वर्षीय शानू उर्फ शोएब चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह मेहनत-मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाता था। परिजनों के अनुसार, कुछ माह बाद उसकी शादी तय थी और घर में तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। लेकिन अचानक हुई इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

बैंक्वेट हॉल में हुआ खूनी खेल

जानकारी के मुताबिक, अनवार के बेटे जलीस की शादी का कार्यक्रम मधुर मिलन बैंक्वेट हॉल में चल रहा था। इसी समारोह में शामिल होने शोएब अपनी मां के साथ पहुंचा था। यहीं उसकी किसी बात पर मोहल्ले के ही जुनैद से कहासुनी हो गई। थोड़ी देर बाद जुनैद अपने भाइयों शकील और सगीर को लेकर लौटा और तीनों ने मिलकर शोएब पर चाकुओं से हमला कर दिया। पेट में गंभीर चोट लगने से शोएब लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन और मेहमान उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी कपड़ों का करते हैं कारोबार

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी भाई मेले-ठेलों में कपड़ों की दुकान लगाते हैं और वारदात की रात शराब के नशे में थे।

परिजनों का गुस्सा और पुलिस पर आरोप

पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरत रही है। आक्रोशित परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक हत्यारों को पकड़ा नहीं जाएगा, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हालांकि, पुलिस-प्रशासन ने समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।

पुलिस की कार्रवाई

मृतक के बड़े भाई जुल्फिकार पुत्र मेहंदी हसन की तहरीर पर पुलिस ने मोहल्ला नूरी नगर निवासी जुनैद, शकील और सगीर पुत्रगण कदीर अहमद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, सीओ बहेड़ी अरुण कुमार का कहना है कि आरोपी नशे की हालत में थे और कहासुनी के बाद वारदात को अंजाम दिया। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मातम में डूबे दोनों परिवार

शोएब की मौत से जहां मायके का माहौल गमगीन है, वहीं उसकी शादी तय होने के चलते ससुराल पक्ष में भी शोक की लहर है। खुशियों से भरे दोनों घरों पर अचानक दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।

फाइल फोटो 

बाइट- अरुण कुमार सीओ बहेड़ी।

बाइट- मोहम्मद जुल्फिकार मृतक का भाई।

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!