Breaking News

चलती पिकअप बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान।

उधैती थाना क्षेत्र में देर रात हादसा, शॉर्ट सर्किट की आशंका।

बदायूं। बदायूं जनपद के उधैती थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बिसौली से सहसवान जा रही एक पिकअप में अचानक आग लग गई। घटना रात करीब 12 बजे गांव राज बरौलिया के पास हुई, जहां चलते वाहन से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

पिकअप चालक इबले हसन, निवासी गांव घंसोली, वाहन चला रहे थे। उन्होंने बताया कि इंजन की तरफ से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद कुछ ही पलों में आग भड़क उठी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तुरंत चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी पिकअप उसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाम साबित हुए।

घटना की जानकारी मिलते ही उधैती थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पिकअप पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। राहत की बात यह रही कि चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!