Breaking News

बलरामपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला – अश्लील वीडियो के नाम पर युवक से 9.42 लाख की वसूली।

बलरामपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला – अश्लील वीडियो के नाम पर युवक से 9.42 लाख की वसूली।

गुलाम नबी कुरैशी, संवाददाता 

बलरामपुर। जनपद में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है, जहां अश्लील वीडियो देखने का आरोप लगाकर एक युवक को धमकाया गया और उससे अलग-अलग किस्तों में कुल 9 लाख 42 हजार 200 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्राम बंजरिया हुसैन निवासी इश्तियाक अली ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर बताया कि 20 जनवरी को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नंबर से आपत्तिजनक वीडियो देखा गया है और इस संबंध में मुकदमा दर्ज हो चुका है। मामले को समाप्त कराने के नाम पर धनराशि की मांग की गई।

इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार कॉल और व्हाट्सएप संदेश भेजकर उन्हें डराया-धमकाया गया। आरोपियों ने गिरफ्तारी और बदनामी का भय दिखाते हुए क्यूआर कोड भेजकर तत्काल धनराशि ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। भयवश युवक ने 20 से 31 जनवरी 2026 के बीच विभिन्न खातों में कुल 9,42,200 रुपये भेज दिए। बताया जाता है कि रकम जुटाने के लिए उसने परिचितों से उधार भी लिया।

लगातार बढ़ती मांग और संदिग्ध परिस्थितियों के चलते पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई तथा स्थानीय साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कराया।

पुलिस के अनुसार अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध आईटी एक्ट व धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। संबंधित बैंक खातों, कॉल डिटेल और लेनदेन की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या क्यूआर कोड पर विश्वास न करें तथा किसी भी प्रकार की धमकी या धन मांगने की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 या निकटतम थाने को सूचना दें। मामले की जांच जारी है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!