Breaking News

यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की जांच के लिए एसडीएम को दो दिन की मोहलत, 103 विद्यालयों का होगा निरीक्षण।

यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की जांच के लिए एसडीएम को दो दिन की मोहलत, 103 विद्यालयों का होगा निरीक्षण।

बदायूं। वर्ष 2027 की यूपी बोर्ड परीक्षाओं को नकलविहीन और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में प्रस्तावित 103 परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप देने से पहले सभी विद्यालयों की जांच कराई जाएगी। जिलाधिकारी अवनीश राय ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र निर्धारित करते समय विद्यालय की भौतिक स्थिति, भवन की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी विवादित विद्यालय को परीक्षा केंद्र न बनाया जाए। इसके अलावा पूर्व में डिबार घोषित किए गए विद्यालयों को किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्रों की सूची में शामिल नहीं किया जाए।

पांच तहसीलों में 103 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित

वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए तहसील सदर में 41, बिल्सी में 21, बिसौली में 18, दातागंज में 17 और सहसवान में छह परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों को लेकर ऑनलाइन आपत्तियां भी मांगी गई थीं। इसमें सदर तहसील से 38, बिल्सी से 13, बिसौली से 16, दातागंज से 13 और सहसवान से एक आपत्ति प्राप्त हुई। इस तरह कुल 81 आपत्तियां दर्ज की गईं।

बोर्ड परीक्षा के लिए 68,035 विद्यार्थी पंजीकृत

वर्ष 2027 की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में हाईस्कूल के 37,578 और इंटरमीडिएट के 30,457 संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 68,035 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पिछले वर्ष 2026 में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 67,945 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में 90 परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ी है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव सहित सभी संबंधित उप जिलाधिकारी और समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

 

 

Spread the love

Check Also

सहसवान पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश।

सहसवान पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में किया पेश। प्रधान संपादक, …