Breaking News

कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में एसपी के सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी।

कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में एसपी के सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी।

संवाददाता, वसीम कुरैशी

कासगंज। पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह ने 27/28 अक्टूबर की रात पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनशिकायतों के निस्तारण एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी तथा थाना एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में एसपी ने थानों और पुलिस कार्यालय पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं की प्रभावी जनसुनवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आईजीआरएस और शिकायती प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने पर जोर दिया। अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश देते हुए लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।

महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति फेज-6 अभियान की समीक्षा की गई। एसपी ने महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने, एंटी रोमियो स्क्वॉड की सक्रियता बढ़ाने और महिला हेल्पडेस्क पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जनपद को जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट बनाने के उद्देश्य से गठित सीसी टीमों की कार्रवाई पर चर्चा हुई। एसपी ने स्पीड लेजर गन और ब्रेथ एनालाइजर के इस्तेमाल, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने तथा अवैध कटों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए साइबर हेल्पडेस्क पर प्राप्त शिकायतों, वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में होल्ड कराई गई धनराशि वापस कराने की प्रगति तथा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी की समीक्षा की गई। इसके अलावा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और डिजिटल वालंटियर्स की गतिविधियों की भी जानकारी ली गई।

एसपी ने यक्ष ऐप के माध्यम से अपराधियों के भौतिक सत्यापन, ग्राम एवं मोहल्लों की फीडिंग तथा नए हिस्ट्रीशीटरों की हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

Spread the love

Check Also

सहसवान में बदहाल सड़क से लोग परेशान, मोहिउद्दीनपुर मार्ग पर कीचड़ और गड्ढों का कब्जा।

नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने से आवागमन मुश्किल, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन …