Breaking News

शाहजहांपुर: दुराचार के मामले में आरोपी के बेटे का नाम हटाने के एवज में दो लाख की रिश्वत मांगने वाला दरोगा निलंबित।

शाहजहांपुर: दुराचार के मामले में आरोपी के बेटे का नाम हटाने के एवज में दो लाख की रिश्वत मांगने वाला दरोगा निलंबित।

संवाददाता, मुबारक अली 

शाहजहांपुर। जनपद के पुवायां थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दुराचार के एक आरोपी के बेटे का नाम केस से हटाने के लिए दो लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में जांच अधिकारी (दरोगा) को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक की इस त्वरित कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बे की रहने वाली 21. वर्षीय एक युवती ने करीब 10 दिन पहले अशोक शर्मा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद जब अदालत में युवती के बयान दर्ज हुए, तो उसने आरोपी के बेटे का नाम भी इस मामले में शामिल किया और दुराचार किए जाने की बात कही।

आरोप है कि इसी मामले में कार्रवाई के दौरान आरोपी के बेटे का नाम निकालने की एवज में जांच अधिकारी उप निरीक्षक (एसआई) महेंद्र प्रताप सिंह ने दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी। पीड़ित पक्ष (आरोपी की पत्नी) ने दरोगा और अपने बीच हुई पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित कर ली।

मंगलवार को आरोपी की पत्नी ने सीधे पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित से मुलाकात की और उन्हें पूरी घटना से अवगत कराते हुए रिश्वत मांगने की मोबाइल ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने फौरन जांच सीओ प्रवीण मलिक को सौंप दी।

प्राथमिक जांच में एसआई महेंद्र प्रताप सिंह प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए। इसके बाद एसपी ने बिना देर किए मंगलवार रात ही आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की आगे की गहन जांच अभी जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Spread the love

Check Also

बिसौली: आशीष शर्मा बने अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिला मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष ने 2027 चुनाव को लेकर कही बड़ी बात।

बिसौली: आशीष शर्मा बने अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिला मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष ने 2027 …