Breaking News

बदायूँ में रक्षाबंधन पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट: सुरक्षा, सुगम यातायात और मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा।

बदायूँ में रक्षाबंधन पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट: सुरक्षा, सुगम यातायात और मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा।

बदायूँ। आगामी रक्षाबंधन पर्व को पूरी शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिलाधिकारी अवनीश राय ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षित व सुगम आवागमन मुहैया कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। 28 अगस्त 2026 को मनाए जाने वाले इस पर्व पर भारी भीड़भाड़ को देखते हुए प्रशासन ने पुख्ता तैयारियां शुरू कर दी हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि पर्व के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही लगातार गश्त (पेट्रोलिंग) करने को कहा गया है। विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए बस और रेलवे स्टेशनों पर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम को निर्देशित किया गया है कि पर्व के मद्देनजर बहनों और यात्रियों के लिए पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। बस स्टैंड परिसरों में साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम रखने और बसों को निर्धारित मानकों व गति के साथ चलाने को कहा गया है। इसके अलावा, नगर पालिका और नगर पंचायतों को शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार के विवाद या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने को कहा गया है।

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मिठाइयों की बढ़ती मांग और मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन को बाजारों में विशेष अभियान चलाकर मावे, मिठाइयों और रंगीन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने और छापेमारी करने को कहा गया है। मानक के विपरीत या मिलावटी सामग्री बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है।

 

 

 

Spread the love

Check Also

सहसवान: बाढ़ पीड़ितों को मिली राहत, चार गांवों में बांटी गई राहत सामग्री।

बाढ़ पीड़ितों को मिली राहत, चार गांवों में बांटी गई राहत सामग्री। सहसवान (बदायूं)। तहसील …