Breaking News

बदायूं: कोरोना काल में बेसहारा हुए बच्चों का संबल बनी मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना।

कोरोना काल में बेसहारा हुए बच्चों का संबल बनी मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना।

संवाददाता—शैलेन्द्र सिंह

बदायूं। कोरोना महामारी के दौरान माता-पिता को खोने वाले बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड जिले में बच्चों के लिए सहारा बनी हुई है। महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा योजना के लाभार्थी बच्चों की लगातार निगरानी और काउंसलिंग की जा रही है।

योजना के तहत कोविड-19 संक्रमण के कारण माता-पिता में से किसी एक अथवा दोनों को खोने वाले 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। विभाग की ओर से ऐसे बच्चों को प्रतिमाह चार हजार रुपये की सहायता दी जा रही है, जिससे उनके पालन-पोषण और शिक्षा में आर्थिक बाधा न आए।

पूर्ण रूप से अनाथ हुए बच्चों को बाल कल्याण समिति के आदेश के बाद विभाग के अधीन संचालित बाल देखभाल संस्थाओं में आवासित कराने की व्यवस्था भी की गई है। वहीं 11 से 18 वर्ष तक के बच्चों को कक्षा 12 तक निशुल्क शिक्षा दिलाने के लिए अटल आवासीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाया गया।

योजना के अंतर्गत कक्षा नौ या उससे ऊपर की पढ़ाई अथवा व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर रहे 52 पात्र छात्र-छात्राओं को विभाग की ओर से टेबल लैंप भी उपलब्ध कराए गए हैं। विभाग का उद्देश्य लाभार्थी बच्चों को शिक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा लाभार्थियों का नियमित फॉलोअप भी किया जाता है। त्रैमासिक बैठकों के माध्यम से योजना की प्रगति की समीक्षा के साथ बच्चों की काउंसलिंग कर उन्हें शिक्षा और भविष्य को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है। विभाग के अनुसार योजना से लाभान्वित कई बच्चे अब दूसरे राज्यों के विभिन्न विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि योजना का उद्देश्य कोविड से प्रभावित बच्चों को केवल आर्थिक सहायता देना ही नहीं, बल्कि उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को मजबूत आधार प्रदान करना भी है।

Spread the love

Check Also

बरेली: प्रभा सिनेमा में अचानक लगी आग, दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू।

प्रभा सिनेमा में अचानक लगी आग, दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू। संवाददाता, मोहम्मद …

error: Content is protected !!