Breaking News

बरेली: कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर शासन सख्त, बरेली में प्रमुख सचिव व डीजीपी ने परखी व्यवस्थाएं।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर शासन सख्त, बरेली में प्रमुख सचिव व डीजीपी ने परखी व्यवस्थाएं।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। कांवड़ यात्रा को लेकर शासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने बरेली व मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान यात्रा मार्ग से लेकर सुरक्षा, यातायात, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं तक की जानकारी ली गई।

बैठक में प्रमुख सचिव ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आयोजन है, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कांवड़ मार्ग पर लगाए जाने वाले शिविरों, मेडिकल बूथ, एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार, पेयजल, मोबाइल शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी बढ़ाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को सक्रिय रखने को कहा। किसी भी अफवाह अथवा विवाद की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

समीक्षा के दौरान जहां कहीं व्यवस्थाओं में कमी सामने आई, वहां अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पहले खामियां दूर करने के निर्देश दिए गए। सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन और आपातकालीन व्यवस्था को विशेष रूप से दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों से यह भी जानकारी ली गई कि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की स्थिति में यातायात को नियंत्रित करने के लिए क्या वैकल्पिक योजना है। दुर्घटना या किसी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव दल को कितनी तेजी से सक्रिय किया जा सकेगा, इसकी भी समीक्षा की गई।

सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी और यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

बाइट: राजीव कृष्ण, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश

Spread the love

Check Also

बरेली: प्रभा सिनेमा में अचानक लगी आग, दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू।

प्रभा सिनेमा में अचानक लगी आग, दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू। संवाददाता, मोहम्मद …

error: Content is protected !!