Breaking News

फर्रुखाबाद में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गुट के जिलाध्यक्ष अजय कटियार गिरफ्तार, छह अन्य पदाधिकारी भी हिरासत में।

फर्रुखाबाद में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) गुट के जिलाध्यक्ष अजय कटियार गिरफ्तार, छह अन्य पदाधिकारी भी हिरासत में।

संवाददाता, दीपक शुक्ला 

फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद में भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष अजय कटियार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके आवास से छह अन्य पदाधिकारियों को भी हिरासत में लिया है और सभी को फतेहगढ़ ले जाया गया है। यह पूरी कार्रवाई बुधवार रात को कलेक्ट्रेट पर हुए धरना प्रदर्शन के बाद दर्ज किए गए मुकदमे के संबंध में की गई है।

होमगार्ड शिवपूजन की तरफ से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, जिलाध्यक्ष सहित सात नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। होमगार्ड के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे अजय कटियार अपने 50 से 60 समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर के एनआईसी गेट पर पहुंचे थे। उनके साथ महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, बृजेश गंगवार, शिवराम और अंकित गंगवार भी मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों के हाथों में लाठी-डंडे थे और उन्होंने गेट खोलने के लिए कहा।

होमगार्ड ने बताया कि जब उन्होंने अंदर से बात करते हुए यह स्पष्ट किया कि इस समय कोई अधिकारी मौजूद नहीं है, तो प्रदर्शनकारी छोटे गेट से अंदर घुसने लगे। रोकने का प्रयास करने पर उन्हें धक्का दिया गया, जिससे अंदरूनी चोटें आईं। आरोप है कि अजय कटियार और अन्य लोगों ने धमकी दी कि रास्ते से हट जाओ वरना बहुत पीटेंगे। इसके बाद कुछ लोग अंदर गए और एनआईसी गेट खोल दिया, जिसके बाद अजय कटियार अपने सभी समर्थकों और वाहनों के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में घुसकर हंगामा करने लगे।

इस घटना के बाद शाम के वक्त कादरी गेट थाना पुलिस और फतेहगढ़ थाना पुलिस भारी संख्या में जिलाध्यक्ष के आवास पर पहुंची। पुलिस ने वहां से जिलाध्यक्ष अजय कटियार सहित अरविंद शाक्य, अभय यादव, बृजेश गंगवार, अनुज राजपूत और शिवराम शाक्य को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि अंदर भी बड़ी संख्या में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

होमगार्ड की शिकायत पर पुलिस ने यूनियन के जिलाध्यक्ष अजय कटियार, महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, बृजेश गंगवार, शिवराम शाक्य और अंकित गंगवार सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, यूनियन के जिला संगठन मंत्री ने जानकारी दी कि गुरुवार की शाम को भारी पुलिस बल आवास पर आया और जिलाध्यक्ष सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर ले गया। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता को दे दी गई है, और वहां से जैसे निर्देश मिलेंगे, उसके अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी। संगठन मंत्री ने यह भी बताया कि दोपहर के समय करीब डेढ़ घंटे तक जिलाधिकारी से वार्ता हुई थी और वे लोग जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, तथा कल भी धरना प्रदर्शन ही किया गया था।

बाईट – किसान यूनियन पदाधिकारी

Spread the love

Check Also

प्लॉट पर कब्जे का आरोप, विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप।

प्लॉट पर कब्जे का आरोप, विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी …