Breaking News

बरेली: जंतर-मंतर लाठीचार्ज और जौहर यूनिवर्सिटी कार्रवाई के विरोध में सपा छात्र सभा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।

जंतर-मंतर लाठीचार्ज और जौहर यूनिवर्सिटी कार्रवाई के विरोध में सपा छात्र सभा का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम

बरेली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिसिया कार्रवाई और रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण के प्रस्ताव को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को समाजवादी पार्टी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने इन दोनों गंभीर मुद्दों को उठाते हुए राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा और केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की।

समाजवादी पार्टी छात्र सभा के नेता आदित्य यादव एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जंतर-मंतर पर युवा और छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज उठा रहे थे, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा उन पर बल प्रयोग किया गया। इसे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला हनन बताते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

इसके साथ ही, ज्ञापन में रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण की प्रस्तावित कार्रवाई का भी पुरजोर विरोध किया गया। छात्र नेताओं ने कहा कि इस संस्थान में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर, गरीब और पिछड़े वर्गों के छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। यदि विश्वविद्यालय पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाती है, तो इससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। उन्होंने सरकार से इस आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की।

छात्र सभा ने राष्ट्रपति से प्रमुख मांगें करते हुए कहा कि नीट सहित सभी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय और पारदर्शी जांच कराई जाए, जंतर-मंतर की घटना में घायल हुए छात्रों को समुचित इलाज के साथ मुआवजा दिया जाए और युवाओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री से परीक्षा प्रणाली से जुड़े विवादों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की मांग भी ज्ञापन में दोहराई गई।

ज्ञापन सौंपने और प्रदर्शन के दौरान आदित्य यादव एडवोकेट, आकाश यादव, अमर राठौर, किशन यादव, हरविंदर और प्रशांत यादव सहित समाजवादी छात्र सभा के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बाइट :- आदित्य यादव एडवोकेट, समाजवादी पार्टी छात्र सभा नेता

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूं: भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ दिया धरना, बीएसए को सौंपा सात सूत्रीय मांगपत्र।

बदायूं: भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ दिया धरना, बीएसए …

error: Content is protected !!