Breaking News

बरेली: आर.ए.सी. ने तेज की उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां, ज़ायरीन की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस।

आर.ए.सी. ने तेज की उर्स-ए-रज़वी की तैयारियां, ज़ायरीन की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली। आला हज़रत इमाम अहमद रज़ा ख़ां फाज़िले बरेलवी के आगामी उर्स-ए-रज़वी और उर्स-ए-अमीने शरीअत की तैयारियों को लेकर ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी (आरएसी) ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में जसोली स्थित जवाहर पैलेस में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें देश-विदेश से आने वाले ज़ायरीन की सुरक्षा, आवास, चिकित्सा और भोजन व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के लिए रूपरेखा तैयार की गई।

आरएसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नबीरा-ए-आला हज़रत मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि उर्स में शिरकत करने आने वाले तमाम ज़ायरीन आला हज़रत के मेहमान हैं, और उनकी खिदमत करना हमारे लिए इबादत के बराबर है। उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन, ठहरने, खाने-पीने और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाले उर्स के दौरान विशेष मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इसके साथ ही बैतुर्रज़ा समेत विभिन्न प्रमुख स्थानों पर लंगर और ज़ायरीन के ठहरने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। प्रशासन और नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर साफ-सफाई, यातायात और अन्य नागरिक सुविधाओं को भी बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। जल्द ही विभिन्न सेवा टीमों और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों की घोषणा भी की जाएगी।

बैठक की शुरुआत मुफ़्ती उमर रज़ा ने कुरआन पाक की तिलावत के साथ की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि उर्स में अब कम समय बचा है, इसलिए सभी लोग पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं। वहीं, हाफ़िज़ इमरान रज़ा बरकाती ने ज़ायरीन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पदाधिकारियों से सक्रिय भूमिका निभाने को कहा।

बैठक के अंत में आला हज़रत का लोकप्रिय सलाम “मुस्तफ़ा जान-ए-रहमत” पेश किया गया, जिसके बाद मौलाना अदनान रज़ा क़ादरी ने देश में अमन-चैन के लिए विशेष दुआ कराई। इस बैठक में बरेली के साथ-साथ बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, रुद्रपुर, गोला लखीमपुर और चंदौसी से आए तमाम उलेमा, संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बाइट मौलाना इमरान रज़ा कार्यकर्ता आर. ए. सी.

 

 

Spread the love

Check Also

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध तमंचा मिलने से फैली सनसनी।

फर्रुखाबाद: रेलवे ट्रैक के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, पास में अवैध …