Breaking News

बदायूं: पेट्रोल पर ₹17 और डीजल पर ₹8 का मुनाफा: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की गिरावट के बावजूद जनता को राहत क्यों नहीं?

पेट्रोल पर ₹17 और डीजल पर ₹8 का मुनाफा: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की गिरावट के बावजूद जनता को राहत क्यों नहीं?

बदायूं: देश में पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस के पीसीसी सदस्य एवं जिला उपाध्यक्ष चौधरी वफाती मिया ने सरकार और तेल कंपनियों पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरने के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं को तेल बहुत महंगा मिल रहा है।

चौधरी वफाती मिया ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्तमान में तेल कंपनियां पेट्रोल पर ₹17 प्रति लीटर और डीजल पर ₹8 प्रति लीटर का सीधा मुनाफा कमा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में देश की सात बड़ी तेल कंपनियों ने करीब ₹8 लाख करोड़ का मुनाफा कमाया है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि सरकार चाहती तो जनता को तेल की कीमतों में भारी राहत दी जा सकती थी, लेकिन इसके उलट कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं।

कांग्रेस नेता ने तुलनात्मक आंकड़े पेश करते हुए कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल बीते चार वर्षों के सबसे निचले स्तर यानी करीब 72 डॉलर प्रति बैरल (लगभग ₹42 प्रति लीटर) पर है, बावजूद इसके ग्राहकों को ₹105 से ₹110 प्रति लीटर तक पेट्रोल खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में परिवहन लागत को जोड़कर पेट्रोल की बेस प्राइस महज ₹52 प्रति लीटर पड़ती है, लेकिन आम जनता से ₹105 वसूले जा रहे हैं। उनका आरोप है कि भारत में दुनिया के मुकाबले सबसे अधिक टैक्स जनता से लिया जा रहा है।

उन्होंने वर्ष 2008 की कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत ₹39 प्रति लीटर थी और जनता को पेट्रोल महज ₹50 प्रति लीटर में मिलता था। उन्होंने सवाल उठाया कि कच्चे तेल के दाम कम होने के बावजूद आज आम आदमी को 2008 की तुलना में दोगुना दाम क्यों चुकाना पड़ रहा है? उन्होंने बांग्लादेश, श्रीलंका और मलेशिया का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत जिन देशों को तेल निर्यात करता है, वहां पेट्रोल-डीजल की कीमतें भारत की तुलना में काफी कम हैं।

चौधरी वफाती मिया ने महंगाई को लेकर सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा, “आज देश में महंगाई एक बड़ा मुद्दा है, लेकिन इस पर कोई चर्चा क्यों नहीं हो रही? तेल और गैस की कीमतें एक बार बढ़ने के बाद कभी सस्ती क्यों नहीं होतीं?” उन्होंने अंत में चेतावनी देते हुए कहा कि देश की जनता सब देख रही है और आगामी चुनाव में इस ‘लूट’ का करारा जवाब जरूर देगी।

 

 

 

Spread the love

Check Also

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, एसएसपी को लगाई न्याय की गुहार।

बदायूँ: दादा की हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में, …

error: Content is protected !!