Breaking News

बरेली: दो घंटे की बारिश में जलमग्न हुआ बरेली: कलेक्ट्रेट से लेकर कॉलोनियों तक डूबा शहर, नगर निगम के दावों की खुली पोल।

दो घंटे की बारिश में जलमग्न हुआ बरेली: कलेक्ट्रेट से लेकर कॉलोनियों तक डूबा शहर, नगर निगम के दावों की खुली पोल।

संवाददाता, मोहम्मद वसीम 

बरेली: शहर में हुई मूसलाधार बारिश ने नगर निगम के मानसून पूर्व के तमाम दावों की कलई खोलकर रख दी है। भीषण गर्मी से जूझ रहे शहरवासियों को बारिश से राहत तो मिली, लेकिन जलभराव ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। हालात इतने खराब थे कि जिला प्रशासन के सबसे महत्वपूर्ण केंद्र यानी कलेक्ट्रेट परिसर में भी करीब एक फुट तक पानी भर गया, जिससे फरियादियों और सरकारी कर्मचारियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।

कलेक्ट्रेट में पानी भरने से महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को जलमग्न रास्तों से होकर दफ्तरों तक पहुँचने पर मजबूर होना पड़ा। सरकारी कार्यालय परिसर में जलभराव को प्रशासन की लचर व्यवस्था के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, शहर के जगतपुर, हजियापुर और संजय नगर जैसे रिहायशी इलाकों का हाल भी कमोबेश यही रहा। यहां सड़कें पानी में डूब गईं और उफनती नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यातायात की स्थिति भी बेहद दयनीय रही। सड़क पर जलभराव के चलते वाहन चालकों को जाम और फिसलन का सामना करना पड़ा, जबकि पैदल राहगीरों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। विशेष रूप से रोडवेज स्थित नॉवल्टी मार्केट की पार्किंग के आसपास नालियां चौक होने के कारण वहां जलभराव ने दुकानदारों और राहगीरों की मुसीबतें और बढ़ा दी हैं। हर साल मानसून से पहले नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है।

एक तरफ जहां शहरवासी जलभराव से परेशान हैं, वहीं इस बारिश ने किसानों के चेहरों पर खुशी लौटा दी है। किसानों का कहना है कि यह बारिश खरीफ की फसलों, विशेषकर धान के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिससे सिंचाई के खर्च में भी कमी आएगी। बावजूद इसके, शहर की जल निकासी व्यवस्था पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर हर साल करोड़ों खर्च करने के बाद भी बरेली को इस समस्या से कब निजात मिलेगी।

 

Spread the love

Check Also

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और 5 बाइक बरामद।

कासगंज: सोरों में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, 1 लाख से अधिक की नकदी और …

error: Content is protected !!