Breaking News

लखीमपुर खीरी: शारदा नदी के कटान से मिलेगी स्थायी राहत, डीएम ने दौलतापुर और बझेड़ा में चल रहे सुरक्षा कार्यों का किया निरीक्षण।

लखीमपुर खीरी: शारदा नदी के कटान से मिलेगी स्थायी राहत, डीएम ने दौलतापुर और बझेड़ा में चल रहे सुरक्षा कार्यों का किया निरीक्षण।

संवाददाता: मोहम्मद कमर

लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी के बढ़ते खतरे और कटान को रोकने के लिए चलाए जा रहे सुरक्षा कार्यों की गति और गुणवत्ता का शनिवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने सबसे पहले पलिया तहसील के दौलतापुर क्षेत्र का दौरा किया, जहां चल रही कटान निरोधक परियोजना की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जनहित की इस परियोजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी काम तकनीकी मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं।

परियोजना की जानकारी देते हुए बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने बताया कि 5 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत वाली यह महत्वपूर्ण परियोजना अब अपने अंतिम चरण में है और अगले दो-तीन दिनों के भीतर पूरी हो जाएगी। इस परियोजना में जियो बैग, नायलॉन क्रेट, आरबीएम भराई और बोल्डर पिचिंग जैसे आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस सुरक्षा कवच के तैयार होने से दौलतापुर, कचनारा और करतारपुर के तीन गांवों की करीब 6 हजार आबादी और 45 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को नदी के कटान से स्थायी सुरक्षा मिल सकेगी। साथ ही, इसके माध्यम से मैलानी-पलिया रेलवे लाइन को भी संभावित खतरों से सुरक्षित किया जा सकेगा।

दौलतापुर के बाद जिलाधिकारी ने गोला तहसील अंतर्गत ग्राम बझेड़ा पहुंचकर वर्ष 2021 में निर्मित उस तटबंध का भी जायजा लिया, जो वर्तमान में नदी के तेज प्रवाह के दबाव में है। वहां चल रहे युद्धस्तरीय मरम्मत कार्यों को देखते हुए अधिकारियों ने बताया कि नदी की धारा को तटबंध से दूर करने के लिए 10 विशेष कटरों का निर्माण कराया गया है। जिलाधिकारी ने आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए चार अलग-अलग स्थानों पर बालू के स्टॉक को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी अनहोनी को तुरंत रोका जा सके। डीएम ने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों की सुरक्षा और सरकारी संपत्ति का बचाव उनकी प्राथमिकता है, इसलिए मरम्मत कार्य में पूरी पारदर्शिता और तत्परता बरती जाए।

 

 

 

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!