Breaking News

बलरामपुर: स्वर्गद्वारी दर्शन से लौट रही बोलेरो नेपाल में खाई में गिरी, 11 श्रद्धालु घायल; सात की हालत गंभीर।

बलरामपुर: स्वर्गद्वारी दर्शन से लौट रही बोलेरो नेपाल में खाई में गिरी, 11 श्रद्धालु घायल; सात की हालत गंभीर।

संवाददाता, गुलाम नबी कुरैशी 

तुलसीपुर/जरवा, बलरामपुर। नेपाल स्थित प्रसिद्ध स्वर्गद्वारी बाबा प्रभुनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो नेपाल के कोयलाबास क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में छोटे बच्चों सहित कुल 11 लोग घायल हो गए। सात गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि चार घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तुलसीपुर में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, हरैया थाना क्षेत्र के महबूबनगर (भैयापुरवा गांव) के श्रद्धालु बुधवार को बोलेरो वाहन से बाबा प्रभुनाथ धाम के दर्शन के लिए नेपाल गए थे। गुरुवार को वापस लौटते समय, भारतीय सीमा से महज एक किलोमीटर पहले पहाड़ी रास्ते पर वाहन का संतुलन अचानक बिगड़ गया। देखते ही देखते बोलेरो पहाड़ी के नीचे गहरी खाई में लुढ़क गई और दूसरी ढलान पर जाकर रुक गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय ग्रामीण और नेपाली प्रशासन के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू करते हुए ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को क्षतिग्रस्त बोलेरो से बाहर निकाला गया। नेपाली प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था की और सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी तुलसीपुर भिजवाया।

सीएचसी तुलसीपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि राधेश्याम (30), रविंद्र कुमार (45), उषा देवी (35), लीलावती (55), रेनू देवी (25), सुनीता (40) और हुलसा देवी (55) की हालत गंभीर थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं अक्षय (7), शुभम (5), सहजराम (38) समेत अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। दुर्घटना की खबर से भैयापुरवा गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

 

Spread the love

Check Also

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष।

उझानी: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ भव्य आगाज, गौरव गर्ग बने अध्यक्ष। उझानी …

error: Content is protected !!